- Hindi News
- National
- Begusarai News Mayer Said In Standing Committee Meeting Online Tender Will Be Considered
स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में मेयर ने कहा-ऑनलाइन टेंडर पर किया जाएगा विचार
नगर निगम परिसर में गोलीबारी के बावजूद स्टैंडिंग कमेटी की बैठक मेयर उपेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न मद के बजट में प्रावधान को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक शुरू होते ही मेयर ने नगर निगम कार्यालय परिसर में टेंडर को लेकर हुई गोलीबारी की घटना की निंदा की। उन्होंने बताया कि फिलहाल अभी टेंडर को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना से सबक लेते हुए हम टेंडर की प्रक्रिया में बदलाव कर ऑनलाइन टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने पर विचार करेंगे। ताकि संवेदक बगैर नगर निगम कार्यालय आए टेंडर में शामिल हो सकते हैं। मालूम हो कि दो बस स्टैंड और पांच शौचालय के टेंडर को लेकर तीन तिथि निर्धारित की गई थी। अब 17 या 19 मार्च को टेंडर होगी या फिर नगर निगम प्रशासन नए सिरे से टेंडर की प्रक्रिया शुरू करेगी।
नगर आयुक्त अब्दुल हमीद ने बताया कि टेंडर को लेकर सारी व्यवस्था कर ली गई थी, पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। उन्होंने बताया कि गोलीबारी की घटना के संबंध में अज्ञात बदमाशों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
उपमेयर राजीव कुमार ने बताया कि सशक्त स्थायी समिति की बैठक में पूंजीगत व्यय मद में मार्केट काम्प्लेक्स, कम्पोस्ट प्लांट, पुस्तकालय, रेन बसेरा, ओल्ड ऐज होम, पार्क शवदाह गृह, वेंडर जोन, सड़क एवं पुल, ड्रेनेज, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, संयंत्रों और मशीनरी, वाहन कार्यालय एवं उपकरण, फर्नीचर, फिक्स्चर, फिटिंग और विद्युत उपकरण, प्रशासनिक व्यय कार्यालय का रखरखाव, वाहन, बीमा, विज्ञापन सहित अन्य मद, परिचालन एवं संरक्षण बिजली, ईंधन, स्टोर की खपत, मरम्मत एवं रखरखाव, इंफ्रास्ट्रक्चर, नागरिक सुविधा, इमारत और वाहन का रखरखाव, कार्यक्रम संबंधित मद में संक्रामक रोगों के नियंत्रण एवं रोकथाम के फोगिंग, प्राकृतिक आपदा, स्वच्छ शहर के लिए विशेष अभियान, छठ, दिपावली, दुर्गा पूजा, सफाई, पेयजल, शौचालय, आवास योजना सहित अन्य मद, स्थापना व्यय मद में कर्मचारियों का वेतन, मजदूरी, लाभ, पेंशन, भते, पीएफ, सेवानिवृति लाभ सहित विभिन्न
मद का बजट में प्रावधान किया गया है।
गोलीबारी के बाद टेंडर को की गई स्थगित
शुक्रवार को नगर निगम परिसर में ओपन टेंडर के दौरान हुई गोलीबारी में होमगार्ड जवान सहित तीन लोगों के घायल होने के बाद टेंडर स्थगित कर दी गई। मालूम हो कि शुक्रवार को नगर निगम सभा भवन में बस स्टैंड, छोटी वाहन पड़ाव सहित 5 शौचालय के लिए ओपन टेंडर होना था। नगर आयुक्त अब्दुल हमीद ने बताया कि बंदोबस्ती से पहले गोलीबारी की घटना हुई। इस वजह से तत्काल ओपन टेंडर को स्थगित कर दिया गया है। अब व्यापक सुरक्षा के बाद ही टेंडर की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिसर में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था को लेकर डीएम और एसपी से मिलेंगे। साथ ही उन्होंने नाजिर को गोलीबारी की घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करवाने का निर्देश दिया।
बैठक में ये लोग थे मौजूद
बैठक में नगर उपनगर आयुक्त अरूण कुमार, हेमंत कुमार, सिटी मैनेजर पांडेय अरविंद अनुरूप, पार्षद मेहरून निशा, पूनम देवी, बबिता देवी, राजेश कुमार आदि मौजूद थे।