पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Begusarai News Nitish Acquitted 41 Days Before Murder Charge Miscreants Shot 3 Death

हत्या के आरोप से 41 दिन पहले बरी हुए नीतीश को बदमाशों ने मारी 3 गोली, मौत

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

घर से दोस्त के साथ गए करीब 25 वर्षीय नीतीश कुमार उर्फ रविश कुमार उर्फ गुर्जर की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज और दुस्साहसिक वारदात लोहियानगर सहायक थाना क्षेत्र के लोहियानगर गुमटी के पास शाम 5.35 बजे के आसपास हुई। बदमाशों ने व्यस्ततम तिराहे पर नीतीश को तीन गोली मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। तत्काल उसे इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज से पहले उसकी मौत हो गई। मृतक नीतीश नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया का निवासी था। उसके पिता कैमूर जिला के रजिस्ट्री कार्यालय में हेड क्लर्क है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नीतीश तिराहे पर खड़ा था। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे और नीतीश से कुछ बातचीत की और अपने हाथ में लिए पिस्तौल से नीतीश के सिर और गर्दन में गोली मार दी। बाइक से भाग रहे बदमाशों का कुछ लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन बाइक सवार लोहियानगर ओवरब्रिज के नीचे से लोहियानगर सहायक थाना की ओर भाग निकले। मृतक के परिजनों का कहना है कि नीतीश का एक दोस्त उसे ई-रिक्शा से बुला कर ले गया था। इसी बीच उसकी हत्या हो गई।

छावनी में तब्दील हुआ सदर अस्पताल

नीतीश के गोली लगने की खबर सुनते ही सदर अस्पताल में परिजनों व मोहल्लेवासियों की भारी भीड़ लग गई। पुलिस ने सदर अस्पताल में वज्र वाहन समेत रैपिड एक्शन फोर्स को बुला लिया। सदर अस्पातल के चिकित्सक द्वारा रेफर किए जाने के बात नीतीश को अमरौर स्थित एलेक्सिया हॉस्पीटल ले जाया गया। जहां डॉ. धीरज शांडिल्य ने नीतीश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को अपने घर पोखरिया लेकर चले गए। पुलिस परिजनों को समझा बुझा कर पोस्टमार्टम के लिए मना लिया तथा शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। घटना की सूचना पर नगर थाना, लोहियानगर थाना, सदर एसडीपीओ राजन सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस पहले घटनास्थल पहुंची और स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली।


घटनास्थल का फुटेज खंगालेगी पुलिस

लोहियानगर गुमटी के उत्तरी तीन मुहाने पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उक्त सीसीटीवी को खंगाल कर फुटेज हासिल किया है। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगे रहने से बदमाशों को चिन्हित करने में पुलिस को काफी हद तक सफल हो चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में प्रयुक्त बाइक की पहचान कर ली गई है। साथ ही बदमाशों को भी पहचान कराने का काम किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम छापेमारी कर रही है।

पुलिस को करना पड़ा लोगों के आक्रोश का सामना

घटनास्थल के बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची जहां परिजनों और मोहल्लेवासियों के आक्रोश का सामना पुलिस को करना पड़ा। हालांकि पुलिस ने परिजनों को समझा बुझा कर शांत कराया तथा जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। घटना के बारे में परिजन कुछ भी बोलने से कतराते रहे। घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। नीतीश शाम में किसके बुलाने या किसके साथ घर से बाहर लोहियानगर गुमटी पहुंचा इस बारे में भी परिजन बोलने से परहेज कर रहे हैं। शव लेकर जब परिजन घर पहुंचे तो घर में मातम छा गया। महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल था। बताया जाता है कि मृतक नीतीश के पिता गंभीर रूप से बीमार हैं, जिन्हें इलाज के लिए शुक्रवार को जिले से बाहर लेकर जाना था।

हत्या के केस में नीतीश जनवरी माह में बरी होकर जेल से आया था बाहर

नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि नीतिश 31 जनवरी को हत्या के केस में कोर्ट से बरी हो बाहर आया था। उन्होंने बताया कि साल 2018 के 2 मार्च को पोखरिया में एक छात्र की गोली मार हत्या हुई थी। इसी हत्याकांड में नीतिश समेत 4 बदमाश नामजद किए गए थे। चारों हत्या के बाद से जेल में ही थे। 31 जनवरी 2020 को कोर्ट ने नीतीश समेत दो अभियुक्तों को निर्दोष करार दिया था। वहीं दो नामजद को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही है छापेमारी

लोहियानगर गुमटी के पास शाम 5.35 बजे बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम

घटनास्थल पर जांच करते पुलिसकर्मी।

हत्या के बाद रोते बिलखते परिजन।
खबरें और भी हैं...