पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नीतीश की हत्या से आक्रोशित लोगों ने एसपी ऑफिस पहुंच किया उग्र प्रदर्शन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लोहियानगर गुमटी के दक्षिणी तिमुहानी पर गुरुवार की शाम हुए नीतीश की हत्या से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को एसपी ऑफिस पर साढ़े तीन घंटे तक जम कर हंगामा किया। नीतीश कुमार के शव का पोस्टमार्टम के बाद करीब 200 लोग सदर अस्पताल में जमा हो गए तथा करीब 9 बजे सुबह से ही सदर अस्पताल गेट से पुलिस विरोधी नारे लगाने लगे। हत्या से नाराज लोग नीतीश का शव लेकर एसपी ऑफिस पहुंच गए तथा वहां कार्यालय को घेरकर पुलिस विरोधी नारेबाजी करते हुए उक्त सड़क का आवागमन अवरुद्ध कर दिया। लोगों ने एसपी मुर्दाबाद, सीएम नीतीश कुमार मुर्दाबाद के भी नारे लगाए। आक्रोशित लोगों का कहना था कि पुलिस हत्या के बाद सिर्फ पोस्टमार्टम कराने का काम करती है। जबकि घटना के 12 घंटे बीत चुके हैं किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आक्रोशित भीड़ पुलिस पर तरह तरह के आरोप लगा रही थी। पुलिस पर अपराधियों के साथ सांठ गांठ रखने का भी लोगों ने आरोप लगाया।

साढ़े 3 घंटे तक लगा रहा जाम : सुबह 9 बजे से लेकर साढ़े 12 बजे तक भीड़ ने एसपी ऑफिस पर धरना प्रदर्शन किया। इससे कचहरी चौक से लेकर एसपी ऑफिस तक लम्बा जाम लग गया। आने जाने में लोगों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी। कोर्ट जाने का रास्ता होने के कारण आम लोग भी काफी परेशान रहे। नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार झा समेत अन्य पुलिस अफसरों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे कुछ भी नहीं सुनने को तैयार थे। पुलिस अफसरों ने लोगों को हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की सुचना भी दी और हत्याकांड के खुलासे का दावा किया। बावजूद इसके भीड़ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। मौके पर एसडीओ संजीव कुमार चौधरी, बीडीओ अभिषेक कुमार, सीओ उत्पल हिमब्रान आदि ने भी आक्रोशितों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा किसी और की हत्या करने आए थे बदमाश

नगर थाना अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार झा ने दावा किया कि नीतीश हत्याकांड में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए दोनों बदमाशों ने स्वीकार किया है कि गलती से नीतीश की हत्या हो गई है। बदमाश किसी और व्यक्ति की हत्या करने वहां पहुंचे थे। हालांकि पुलिस अफसरों को दोनों बदमाशों के बयान पर यकीन नहीं हो रहा है। पुलिस मामले की सभी बिंदूओ पर जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या के वक्त और बदमाशों के भागने के दौरान की पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है जिसके आधार पर ही दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी हुई है। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर अन्य बदमाशों को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

एसपी ऑफिस में हंगामा करते लोग।

खबरें और भी हैं...