- Hindi News
- National
- Begusarai News Six People Died In Various Road Accidents In 48 Hours 13 People Injured Road Jam In Protest And Commotion Somewhere
48 घंटे में विभिन्न सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत, 13 लोग हुए घायल, विरोध में कहीं सड़क जाम तो कहीं हंगामा
बेगूसराय जिले में होली के दिन हुए अलग-अलग हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। मंझौल ओपी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में आरसीएस कॉलेज के सामने एस एच 55 पर 9 मार्च को ई रिक्शा और हाईवा ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो बच्चे की मौत घटनास्थल पर हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से जख्मी है। जिसका इलाज सदर अस्पताल बेगूसराय में चल रहा है। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के के झमटिया घाट के निकट एन एच 28 पर सड़क हादसे में झमटिया दियारा गांव निवासी श्रवण पासवान की मौत हो गई ।मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 10 मार्च की रात बन्द्वार रोड में बाइक दुर्घटना में बन्द्वार गांव निवासी शंकर पोद्दार के 25 वर्षीय पुत्र सुनील पोद्दार की मौत हो गई ।वहीं कोरिया के निकट 9 मार्च को हुई बाइक और हाईवा ट्रक के बीच टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं । जिसका इलाज शहर के निजी क्लिनिक में चल रहा है। छौड़ाही ओपी थाना क्षेत्र के नारायण पीपर गांव में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सिघौल ओपी थाना क्षेत्र के कमरुद्दीन पुर गांव निवासी की मौत सदर अस्पताल बेगूसराय में 9 मार्च को इलाज के दौरान हो गयी। इस घटना के बारे में बताया जाता है कि 29 फरवरी को गांव के ही पड़ोसी के साथ झगड़ा में जमकर मारपीट हुआ था । जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उस वृद्ध की मौत हो गई।
तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से युवक गंभीर रूप से घायल
गढ़पुरा| गढ़पुरा - हसनपुर मुख्य सड़क पर धर्मपुर गांव में मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से इसी गांव के रविरंजन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चालक छौड़ाही ओपी के बखारी गांव निवासी लालबाबू पासवान भी घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए पीएचसी भेजा गया। मिली जानकारी अनुसार रविरंजन सड़क के बगल से पैदल घर धर्मपुर जा रहा था। गढ़पुरा तरफ से तेज गति से जा रहे बाइक सवार रविरंजन को पीछे से ही ठोकर मार दिया। जिससे उक्त युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग तुरंत उसे इलाज के लिए ले गए। वहीं बाइक चालक को भी इलाज में पीएचसी पहुंचाया गया।
ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
छौड़ाही| दौलतपुर मालीपुर मुख्य पथ पर बखड्डा हनुमान मंदिर के समीप मंगलवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बाइक सवार के बाइक से मिले कागजात के आधार पर युवक समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड अन्तर्गत खतुआहा गांव निवासी सीताराम मलिक का पुत्र सुशील मलिक बताया जा रहा है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने बेगूसराय रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मालीपुर से आ रही ट्रक जैसे ही बखड्डा हनुमान मंदिर के पास पहुंची तभी दौलतपुर से आ रहे बाइक सवार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। हालांकि घटना के बाद ट्रक चालक भाग नहीं सका और ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। छौड़ाही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बाइक और ट्रक तथा चालक को अपने हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार युवक की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है।
ट्रक ने ई-रिक्शा में मारी ठोकर, दो की मौत, दो घायल
मंझौल| रामचरित्र सिंह महाविद्यालय मंझौल के सामने राज्य उच्च पथ 55 पर सोमवार को संध्या समय ट्रक के ठोकर से ई रिक्शा पर सवार एक बच्ची की मौत हो गयी। वहीं इलाज के दौरान घायल दूसरे की भी मौत हो गई। इ रिक्शा पर सवार करीब आधा दर्जन जख्मी हो गया। ई रिक्शा पर सवार होकर सिउरी गांव के पांच सवारी गांव से बाजार जा रहे थे, विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने ई रिक्शा में ठोकर मार दी, जिससे ई रिक्शा पर सवार सिउरी गांव निवासी लालकृष्ण पोद्दार की नौ माह की पुत्री किंजन कुमारी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, वही मृत बालिका की माता रूबी देवी,मो शाह आलम,ई रिक्शा चालक मो शहजाद समेत अन्य दो घायल हो गए। जख्मियों को इलाज के लिए ग्रामीण बेगूसराय ले गए। मृत बालिका को देख आक्रोशित ग्रामीण सड़क को जाम कर दिया। ओपी अध्यक्ष सुबोध कुमार, मुखिया राजेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। बाद में कबीर अंत्येष्ठि योजना से लाभ देने के आश्वासन पर जाम खत्म किया गया। डीएसपी सूर्यदेव कुमार ने बताया कि ट्रक चालक निरंजन कुमार महतो पिता अर्जुन महतो समेत ट्रक को जब्त कर लिया है चालक शराब के नशे में था। जिसका मेडिकल कराने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
दुर्घटना में एक की मौत
बरौनी|फुलवरिया थाना क्षेत्र के मालती गांव में हुई बाइक दुर्घटना में बाइक सवार वर्षीय युवक के मौत हो गई है। मालती निवासी श्रवण कुमार के रूप में की गई है। मृतक श्रवण के शव को फुलबड़िया थाना की पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। जहां से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है । जबकि इसी बाइक पर सवार दूसरे व्यक्ति को आसपास के लोगों की मदद से गंभीर हालत में बरौनी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती किया गया।
बेगुसराय रोसड़ा एस एच 55 पर वाइक सवार युवक और राहगीर वृद्ध महिला को ठोकर मार इनोवा कार एक दुकान में जा घुसी, दोनों की हालत गंभीर
खोदावंदपुर|बेगुसराय रोसड़ा एस एच 55 पर बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बाड़ा के नजदीक बुधवार को एक बेलगाम इनोवा क्रिस्टा वाइक सवार व राहगीर महिला को ठोकर मार सड़क किनारे एक बेल्डिंग की दुकान में घुस गयी। घटना में वाइक सवार एक युवक सहित एक राहगीर महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। वो तो गनीमत रहा कि इनोवा क्रिस्टा का एयर बैग खुल गया और बेल्डिंग मशीन वाला दुकान भी बंद था। वाइक सवार जख्मी युवक की पहचान दौलतपुर पंचायत के चलकी निवासी रामाश्रय पंडित के 26 वर्षीय पुत्र विपिन पंडित और बाड़ा गांव निवासी स्व.चंद्रकांत झा की 70 वर्षीय प|ी गौरी देवी के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही अपर थानाध्यक्ष कपिलदेव कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच दुर्घटनाग्रस्त दोनों गाड़ी को अपने कब्जे में कर लिया। जख्मी वाइक सवार के परिजनों ने उसे इलाज के लिए समस्तीपुर जिला के रोसड़ा थाना क्षेत्र के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। जबकि जख्मी राहगीर महिला को इलाज के लिए उसके परिजनों ने खोदावंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक के अभाव में एएनएम किसी तरह प्राथमिक चिकित्सा उपरान्त परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय लेकर गया। जहां वृद्ध महिला जीवन और मौत से जुंझ रही है। घटना के बावत परिजनों ने बताया कि सिमरिया गंगा स्नान करके कुछ आदमी इनोवा कार से अपने घर बहेड़ी जा रहा था। घटना स्थल के समीप सामने से आ रहे एक वाइक सवार को ठोकर मारने के बाद सड़क किनारे खड़ी एक वृद्ध महिला को ठोकर मारते हुए बगल में स्थित एक बेल्डिंग मशीन की दुकान में जा घुसी।
हादसे में बेगूसराय शहर में तीन लोगों की हुई मौत
बेगूसराय| नेशनल हाईवे 31 पर सावित्री सिनेमा हॉल के पास सोमवार की सुबह सड़क हादसे में रामनाथ राय उर्फ कल्लू की मौत हो गई। मृतक रामनाथ राय लाखो सहायक थाना क्षेत्र के अयोध्या वाड़ी का निवासी था। वह ट्रैफिक चैक स्थित फलमंडी में मजदूरी करता था। नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
सड़क हादसे में बाइक सवार समेत दो की हुई मौत: होली की रात सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राजोड़ा गांव के पास हुई। जहां बाइक सवार पेड़ से टकरा गया और उसकी मौत हो गई। मृतक रजौड़ा का सुनील कुमार था। वह मंगलवार की रात अपने बाइक से अपने दोस्त के साथ कहीं जाने के लिए निकला था ।लेकिन उसकी बाइक पेड़ से टकरा गई और उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना लोहियानगर ओवरब्रिज पर हुई। जहां अज्ञात वाहन की ठोकर से समस्तीपुर जिला के महुआ सोनपुर के रहने वाले सुनील मल्लिक की मौत हो गई। नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि सड़क पार के दौरान सुनील अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जख्मी हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मारपीट में जख्मी बुर्जुग की इलाज के दौरान हुई मौत:
मारपीट में जख्मी 60 वर्षीय देवनंदन सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक सिघौल सहायक थाना क्षेत्र के कमरूद्दीन पुर के रहने वाले थे। मृतक के पुत्र संजय सिंह ने बताया कि 1 फरवरी को पड़ोस के रहने वाले कामेश्वर रजक, रंजीत रजक, सुबोध रजक, महेश रजक,झुलो रजक और कैलु रजक ने उनके भाई को लाठी डंडा और रॉड से मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सिंघौल सहायक थाना के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
तेज रफ़्तार से शराब पहुंचाने जा रहे बाइक सवार ने दूसरे बाइक में मारी ठोकर,दो लोग घायल
बछवाड़ा| थाना क्षेत्र के रानी तीन पंचायत स्थित पेट्रोल पम्प के समीप एनएच 28 पर सोमवार की शाम दो बाइक की जोरदार टक्कर में दोनों बाइक चालक बुरी तरह से घायल हो गया। स्थानीय लोगो के द्वारा दोनों घायल को निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। घायल कि पहचान रानी तीन पंचायत के रानी गांव निवासी मृत्युंजय कुमार व रानी एक पंचायत के झमटिया गांव निवासी गौतम कुमार के रूप में की गयी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रानी गांव निवासी मृत्युंजय कुमार रानी चौक से एनएच 28 के रास्ते चामुबन ढ़ाला (तेघड़ा) की ओर अपने घर जा रहे थे। वही रानी पेट्रोल पम्प के समीप बछवाड़ा से तेघड़ा कि ओर तेज रफ्तार से जा रहे बाइक सवार ने पीछे से ठोकर मार दिया। तेज ठोकर रहने के कारण रानी गांव निवासी बाइक सवार बुरी तरह से गिरकर घायल हो गया तथा ठोकर मारने वाले बाइक सवार के पास से एक शराब का बोतल गिरकर फुट गया। ग्रामीणों को शंका हुआ जब तक कुछ समझ पाते तब तक ठोकर मारने के बाद घायल बाइक चालक भागने लगा, जिसे स्थानीय लोगो ने खदेड़ कर पकड़ लिया। उक्त बाइक चालक के पास से तलाशी के दौरान कमर से एक शराब का बोतल बरामद हुआ।
मारपीट व फायरिंग से दहशत
बखरी| होली खेलने के दौरान मुख्य बाजार के पोस्ट ऑफिस के समीप फायरिंग की घटना से दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार होली खेलने के दौरान दो पक्षों में विवाद उभरा जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान तीन राउंड गोली चलने की बात भी सामने आ रही है। मारपीट में वार्ड 9 निवासी पंकज कुमार गुप्ता के पुत्र प्रेमचंद्र आर्य तथा उनके चाचा संतोष घायल हैं। मामले में प्रेमचंद्र आर्य द्वारा बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष मुकेश पासवान ने बताया कि आवेदक द्वारा दारू पीने के लिए रंगदारी मांगे जाने का आरोप लगाया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। इधर घटना को लेकर तैलिक वैश्य संघ के पूर्व अध्यक्ष स्व• कैलाश साह के आवास पर अपराधियों द्वारा की गयी गोलीबारी की निंदा व्यवसायिक संगठनों ने की है। पीड़ित व्यवसायी पंकज साह तथा घटना में घायल उनके परिजनों से मिलने पहुंचे व्यापार संघ के अध्यक्ष केदार केसरी, सचिव मनोज चौधरी, व्यवसायिक सुरक्षा मंच के अध्यक्ष पार्षद सिधेश आर्य, पार्षद नीरज नवीन, अभिमन्यु केसरी, श्रवण साह, तैलिक वैश्य संघ के अध्यक्ष अजय साह, उपाध्यक्ष महेन्द्र साह, नवल किशोर साह, महामंत्री कन्हैयालाल, सचिव द्वय अरविंद साह, विकास कुमार, भूषण साह,पंकज जायसवाल आदि ने बखरी को अपराध मुक्त करने की मांग की।
चाची ने भतीजे को कुदाल से वार कर किया जख्मी
छौड़ाही| ओपी क्षेत्र के सिंहमा पंचायत अन्तर्गत वार्ड नंबर 01 में मंगलवार की शाम एक कलयुगी चाची ने अपने ही भतीजे पर कुदाल से हमला कर दिया। घटना में भतीजा सागर साह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिवार के सदस्यों ने घायल को ईलाज के लिए रोसड़ा के एक क्लिनिक में भर्ती कराया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अकलू साह की प|ी कपूरनी देवी तथा सागर साह में घरेलू विवाद को लेकर कहा सुनी हो गई। फिर आग बबूला चाची ने आव न देखा ताव कुदाल लेकर सागर के सर पर वार कर लहुलुहान कर दिया।
मुखिया पुत्र समेत 4 घायल| वीरपुर|वीरपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर सुरहा चौक के पास मंगलवार को हुये मारपीट में 4 लोग घायल हो गये। जानकारी के अनुसार, इस मारपीट में वीरपुर पूर्वी पंचायत की मुखिया श्रुति गुप्ता का पुत्र अभिनव गुप्ता व राजन गुप्ता सहित दोनों पक्षों की ओर से कुल 4 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये।