- Hindi News
- National
- Begusarai News Student Club Wins In The Inaugural Match Of State Level Kabaddi Competition
राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में स्टूडेंट क्लब विजयी
न्यू कबड्डी बेगूसराय संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का उदघाटन मैच स्टूडेंट क्लब बीहट के नाम रहा। मध्य विद्यालय बीहट परिसर में आयोजित चंद्रशेखर जयंती के सम्मान में संत विन्देश्वरी पुरुष एवं शुभाषिणी शर्मा महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज स्टूडेंट क्लब के नाम रहा। इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी के आयोजन में बीहट स्टूडेंट क्लब ने बाढ़ की टीम को 49-38 के अंतर से हराकर जीत का शुभारंभ किया। वहीं दूसरा मैच मटिहानी और खगड़िया के बीच खेला गया। मटिहानी ने खगड़िया को जबरदस्त मुकाबले में पराजित कर दिया। खेल के संचालन में निर्णायक के रूप में पप्पू कुमार, किसलय कुमार, प्रसन्ना प्रशांत, रंजीत कुमार, कुन्दन, अप्पू और उद्घोषणा में श्रीराम शर्मा, अमरेश कुमार, प्रभात किशोर ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके पूर्व कबड्डी मैच का उद्घाटन करते हुए जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ कन्हैया कुमार ने कहा कि खेल ही एक ऐसी विधा है जो सामाजिक बुराइयों को दूर कर सकता है। आज देश के अंदर जात-पात से उपर उठकर हमें एकजुट होकर मैदान में खेलने की आवश्यकता है। वहीं रीवर वैली स्कूल के निदेशक वैज्ञानिक आर एन सिंह ने कहा कि बीहट की धरती सदैव खेल और संस्कृति को लेकर जागृत रहा है। यहां की प्रतिभाओं को और सहयोग देने की आवश्यकता है। शिक्षक नेता राजेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि आज भी बीहट ने अपनी अस्मिता को बचाकर रखा है। यहां के युवाओं में असीम ऊर्जा है इसके संरक्षण की जरूरत है। मंच से अतिथियों का स्वागत स्टूडेंट क्लब के सचिव नवल किशोर सिंह, संरक्षक हरिश्चन्द्र सिंह नेपो, अजय कुमार सिंह के द्वारा किया गया । इस अवसर पर क्लब के संरक्षक रामरतन सिंह, सीएम सिंह, प्रहलाद सिंह, बीटीएमयू के कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष कुमार उर्फ मुन्ना, सचिव ललन लालित्य, विमला देवी, रामानन्द सिंह, राम विलास सिंह, राजनीति सिंह, जगदीश शर्मा उस्ताद सहित अन्य उपस्थित थे। वहीं इस अवसर पर उद्घाटन समारोह आकर्षक रहा। क्लब की बच्चियों द्वारा स्वागत नृत्य की प्रस्तुति मंच से की गई। मुक्ताकाश मैदान से छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से सबका दिल जीत लिया। वहीं प्रतियोगिता में भाग ले रही 15 टीमों के द्वारा बैंड-बाजे के साथ मार्च पास्ट निकाला गया। शहीद स्मारक से मार्च पास्ट का शुभारंभ करते हुए लगभग 225 खिलाड़ियों के साथ बीहट बाजार के रास्ते राम जानकी मंदिर परिसर के बगल से एनएच 31 के रास्ते मध्य विद्यालय में जाकर सम्पन्न हुआ। न्यू बेगूसराय कबड्डी संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राज्य की 15 टीमें हिस्सा ले रही है। यह जानकारी देते हुए राज्य सचिव राजकिशोर ने बताया कि पुरुष वर्ग में बेगूसराय, बाढ़, भागलपुर, खगड़िया, मटिहानी, लखीसराय, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पटना, सहरसा, बोकारो और महिला वर्ग में बीहट, मुजफ्फरपुर, लखीसराय, सहरसा की टीमें भाग ले रही है।
बीहट फोटो- राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में मैच खेलते हुए, मार्च पास्ट और नृत्य प्रस्तुत करती छात्राएं