- Hindi News
- National
- Begusarai News Teachers Besiege Dpo For Payment Of Salary Said We Get Right
शिक्षकों ने वेतन भुगतान के लिए किया डीपीओ का घेराव, कहा- हमें मिले हक
समान काम समान वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर शुक्रवार को भी माध्यमिक शिक्षकों का धरना कलेक्ट्रेट के दक्षिणी द्वार पर जारी रहा। धरना की अध्यक्षता डा. अर्चना ने की। इससे पहले राज्य संघ के आदेश पर बेगूसराय इकाई के संयुक्त सचिव अरूण हरि और छात्र कल्याण परिषद के सचिव सुदर्शन कुमार के नेतृत्व में डीपीओ स्थापना का घेराव किया गया। साथ ही उनसे अविलंब वेतन भुगतान करने की मांग की। डीपीओ के घेराव के दौरान जिलाध्यक्ष उमानंद चौधरी, जिला सचिव रणजीत कुमार और सुबोध कुमार ने संयुक्त रूप से डीपीओ से वेतन अद्यतन करने की मांग की। साथ ही कहा कि अगर अविलंब वेतन भुगतान नहीं किया जाता है तो लगातार घेराव किया जाएगा। वहीं धरना में राज्य संयुक्त सचिव डा. सुरेश प्रसाद राय ने कहा कि बिना वार्ता के आंदोलन समाप्त होने की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। साथ ही कहा कि एफआईआर और निलंबन कर सरकार अपनी संवेदनहीनता प्रदर्शित कर रही है। साथ ही कहा कि अपने शीर्ष नेतृत्व पर भरोसा कर हम अपने आंदोलन को और मजबूत करेंगे। धरना को मुकेश कुमार, रूपेश कुमार, मिथिलेश झा, गणेश सिंह सहित अन्य ने संबोधित किया।
प्रारंभिक स्कूलों में भी मूल्यांकन नहीं करेंगे नियोजित शिक्षक
भगवानपुर | प्रखंड के हड़ताली शिक्षकों की हड़ताल शुक्रवार को 26वें दिन भी जारी रही। प्रखंड में कुल 112 प्राइमरी व मिडल स्कूल हैं जिसमें वार्षिक परीक्षा संचालित करना विभाग के लिए परेशानी का कारण हो सकता है। बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के प्रखंड संयोजक संदीप कुमार,प्रारंभिक शिक्षक संघ के अंचल अध्यक्ष रामप्रवेश महतो व सचिव अमित कुमार ने बताया कि अगर हमारी मांगों पर सरकार विचार नहीं करती है तो हम शिक्षक प्रारंभिक स्कूलों में होने वाले मूल्यांकन कार्य से खुद को अलग रखेंगे। शिक्षक इस बार अपने विभिन्न मांगों को मनवा कर ही हड़ताल से वापसी करेंगे। हड़ताली शिक्षकों द्वारा 13 से 20 मार्च तक अपनी मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक, जन प्रतिनिधियों का घेराव आदि करेंगे। विदित हो कि प्रखंड में प्रारंभिक स्कूलों में 16 मार्च से वार्षिक परीक्षा होगी। प्रथम चरण में 16 मार्च से 19 मार्च तक क्लास 5 एवं 8 का व द्वितीय चरण में 26 मार्च से 29 मार्च तक क्लास 1 से 4 तक एवं 6 से 7 तक परीक्षा संचालित होगी। शिक्षकों के हड़ताल में रहने से बच्चों का सिलेबस भी पूरा नहीं हुआ है। अब बिना सिलेबस पूरा हुए ही बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे।
माध्यमिक शिक्षकों का धरना जारी
माध्यमिक शिक्षक संघ के धरना में शामिल शिक्षक।