नारायणपीपर में हुई बमबारी में दो अलग-अलग एफआईआर हुई दर्ज
गंभीर रूप से घायल दो लोगों का नहीं हो सका फर्द बयान
होली के मद्देनजर नारायणपीपर में महज सौ मीटर के दायरे में दो जगहों पर हुई बमबारी तथा मारपीट में चार लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। साथ ही पुलिस ने हिरासत में लिए गए नीलेश पासवान के नाबालिग पुत्र रमण कुमार पासवान को पुलिस अभिरक्षा में सक्षम न्यायालय भेज दिया गया है। जानकारी देते हुए ओपी अध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि बरामद एक बम तथा बमबारी में घायल शंभू पासवान के पुत्र राहुल पासवान के फर्द बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। रमण के नाबालिग होने के कारण न्यायालय में हाजिर करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया जाएगा।
ओपी अध्यक्ष ने बताया कि दूसरी घटना में सूरज सहनी के पुत्र अजय सहनी ने सर पर हमला कर घायल करने के आरोप में एक नामजद तथा एक अज्ञात हमलावर को नामजद किया है। वहीं पुलिस इसी मामले में होली की रात बमबारी में गंभीर रूप से घायल रामविनोद राय के पुत्र जितेन्द्र राय उर्फ रुनझुन तथा श्रीकान्त राय उर्फ हबरी राय के पुत्र दीपक राय की नाजुक स्थिति को देखते हुए फर्द बयान का इंतजार कर रही है।
बताया जा रहा है कि जितेन्द्र उर्फ रुनझुन की हालत काफी चिन्ताजनक है। बहरहाल दोनों बमबारी की घटनाओं में घायल तीन लोगों का इलाज बेगूसराय के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस भी बमबारी की घटना के बाद यह पता लगा रही है कि आखिर नारायणपीपर में प्रतिबंधित बम कहां से आया। वहीं त्योहार के दिन प्रतिबंधित बम रखना तथा बमबारी की वारदात को अंजाम देना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती के समान है। स्थानीय लोगों के मुताबिक चंद घंटों के भीतर एक के बाद एक सिलसिलेवार बम धमाकों ने समूचे गांव में सनसनी फैला दी है। इसके बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव देखा जा रहा है वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।