कुंभी में खेत में मिला महिला का कंकाल
{जांच में जुटी पुलिस
थाना क्षेत्र के कुंभी पंचायत के मजरैया चौर में किसी महिला का कंकाल मिला है। पुलिस ने इसे शिवा चिमनी से पूरब एक खेत से बरामद किया है। शुक्रवार को कंकाल को लेकर क्षेत्र में दिन भर चर्चाएं होती रही। मिली जानकारी अनुसार कंकाल चेरिया बरियारपुर निवासी किसान शिवेश झा के खेत में मिला है। पुलिस को वहां से कंकाल का सिर, हाथ व पैर की हड्डी के साथ लंबे बाल व चूड़ी मिली है। इसी आधार पर अनुमान है कि कंकाल किसी महिला का हो सकता है। सबसे पहले खेत में रैंचा कटा रहे मजदूरों की नजर इस कंकाल पर पड़ी। मजदूरों ने इसकी सूचना भूस्वामी को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पल्लव के नेतृत्व मे पहुंची पुलिस नें कंकाल को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि थान क्षेत्र से किसी महिला के गायब होने की सूचना नहीं है, इसलिए कंकाल के बाबत अगल-बगल के थानों में सूचना भेज दी गई है।