- Hindi News
- National
- Bettiah News 11 Crores One And A Half Km Of Road Built A Year Before The Cost Of Construction Villagers Demanded Repairing
1.1 करोड़ रु. की लागत से एक साल पहले बनी डेढ़ किमी सड़क जर्जर, ग्रामीणों ने की रिपेयरिंग की मांग
योगापट्टी के सेमरी चौक से सेमरी भवानीपुर गांव तक बनी डेढ़ किलोमीटर एक साल के अंदर ही जर्जर हो चुकी है। लेकिन न तो इस दिशा में प्रशासन का ध्यान जा रहा है और नहीं संवेदक का। आधा दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाली सड़क के जर्जर होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में कारगर पहल करते हुए संबंधित संवेदक से इसकी रिपेयरिंग कराने की मांग की।
2024 तक है अनुरक्षण की तिथि
सड़क का निर्माण हाजीपुर के संवेदक प्रियरंजन सिंह के द्वारा कराया गया है। ग्रामीणों की माने तो सड़क का निर्माण संवेदक ने जैसे तैसे करा दिया। उसके बाद संवेदक एक बार भी उसे देखने तक नहीं आए है। जबकि पांच साल के अनुरक्षण की जवाबदेही संवेदक की बनती है। जिसकी अवधि 11 जून 2019 से 10 जून 2024 है। इधर, एक साल के अंदर ही सड़क का टूटना उसकी गुणवत्ता पूर्ण कार्यों पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित परियोजना से बनी थी सड़क
सेमरी चौक से सेमरी भवानीपुर तक डेढ़ किलोमीटर सड़क 2019 में ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा वित पोषित परियोजना के तहत बनायी गई थी। जिसका निष्पादन ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल बेतिया के द्वारा किया गया था। जिसका निर्माण 2018 में शुरू हुआ था। लेकिन गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं होने के कारण यह सड़क एक साल के अंदर ही जर्जर हालत में पहुंच गई। बताया जाता है कि इस योजना के तहत इस सड़क को 1 करोड़ 1 लाख 20 हजार 76 रुपए की लागत से बनाया गया था। ग्रामीण सह जदयू व्यवसायी प्रकोष्ठ प्रखंड अध्यक्ष दिलीप प्रसाद, सरपंच बिहारी राम, पंचायत समिति सदस्य नरेश प्रसाद आदि लोगों ने बताया कि इस सड़क से आधा दर्जन से ज्यादा गांव के लोगों को लाभ होता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों और संवेदक की मिलीभगत से इसमें सरकारी राशि की बंदरबांट की गई है। इसी वजह से एक साल के अंदर ही सड़क जर्जर हालत को पहुंच गई है।
जर्जर हो गई नवलपुर गांव में जाने वाली मुख्य सड़क।