- Hindi News
- National
- Bettiah News Heavy Rains In The District Meteorological Department Issued Alert For Three Days The City Became Muddy
जिले में जमकर हुई बारिश, मौसम विभाग ने तीन दिनों तक जारी किया अलर्ट, नगर बना कीचड़मय
जिले में शुक्रवार को बिजली की गरज के साथ ही पूरे दिन रुक रुक कर बारिश हुई। इस क्रम में जिले में कहीं भी ओलावृष्टि की सूचना नहीं है। मौसम विभाग ने तीन दिनों तक वर्षा व तेज हवा चलने तथा कही कहीं ओलावृष्टि हाेने की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है। वर्षा के कारण पूरा नगर कीचड़मय बन गया है। कुछ जगहों पर सड़कों में गड्ढे होने के कारण जल जमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। कुछ जगहों पर नाली का पानी भी ओवरफ्लो कर रहा है। पूरे दिन वर्षा के कारण सड़कों पर वीरानगी रहा। बिन मौसम की बरसात के कारण लोगों की परेशानी एकाएक बढ़ गई है।
हवा चलने पर गेहूं को हो सकता है नुकसान
क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र माधोपुर के मुख्य वैज्ञानिक डा. अजीत कुमार का कहना है कि वर्षा के उपरांत हवा चलने पर गेहूं का फसल गिरने की स्थिति में नुकसान पहुंच सकता है। फिलहाल फसलों को नुकसान नहीं पहुंचा है। मक्का, गन्ना व सब्जी के फसल को वर्षा से फायदा पहुंचा है। खेतों में नमी के साथ साथ फसलों को वायुमंडलीय नाइट्रोजन मिला है।
बारिश की वजह से सड़काें पर जलजमाव व कीचड़
लालसरैया | मझाैलिया में बारिश की पानी की वजह से प्रखंड मुख्यालय से पुराना पेट्रोल पंप तक कीचड़ एवं जल जमाव हाे गया है। इसकी वजह से आवागमन प्रभावित हो गया है। इसकी शिकायत समाजसेवी मौलाना नूर आलम ने अंचलाधिकारी मझौलिया से किया है। बताया है कि बाजार चौक, पीएनबी बैंक, राजेंद्र चौक, अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क में जलजमाव एवं कीचड़ के होने से राहगीरों एवं मरीजों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि मझौलिया बाजार चौक को व्यवसायियों के द्वारा अतिक्रमण कर लेने से जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। वही अंचलाधिकारी जवाद आलम ने बताया कि इस शिकायत के आलोक में अंचल निरीक्षक राधेश्याम यादव को जांच करने का निर्देश दिया गया है। इस बारिश से किसानों के फसलों को नुकसान हुआ है। बारिश से सबसे अधिक नुकसान गेहूं, तेलहन एवं दलहन को हुआ है। वही माधोपुर विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर शिशिर कुमार गंगवार ने बताया कि इस बारिश और हल्की हवा से गेहूं की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि गेहूं खेतों में गिर गया है तथा बारिश बंद होने के बाद हवा के बहने से गेहूं की फसल सुख जाएगा। जिससे गेहूं के दाना उत्तम प्रकार के नहीं हो पाएगा। गेहूं के उत्पादन में भी भारी मात्रा में कमी आएगी। उन्होंने बताया कि यह बारिश किसानों के कुछ फसलों के लिए लाभकारी है तो कुछ फसलों को काफी हानि पहुंचाया है।
आसमान में पूरे दिन छाए रहे काले बादल, चलती रही तेज हवा
शुक्रवार की सुबह से लेकर संध्या तक आसमान में काले बादल छाए रहे। रुक रुक कर वर्षा होते रही। सुबह में कुछ देर तक गरज के साथ बादल टकराते रहे। जिस कारण लोगों में भय की स्थिति बनी रही। इसके बाद बारिश होना आरंभ हो गया। साथ ही तेज हवा भी चलने लगी। क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र माधोपुर के मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण जिले में मौसम विभाग के द्वारा तीन दिनों तक अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार से मौसम सुधरने का आसार है। शुक्रवार को जिले में हवा का बेग 18 से 20 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चला।
टूटी सड़कों पर पानी भरने व कीचड़ हो जाने से लोगों को हुई परेशानी
नगर में टूटी सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी हुई। खुदाबक्श चौक के समीप हल्का जलजमाव रहा। वहीं नगर के हरिवाटिका चौक से लेकर समाहरणालय चौक तथा समाहरणालय चौक से लेकर तीनलालटेन चौक तक सड़क के निर्माण कार्य की गति धीमी होने के कारण यह पथ पूर्ण रूप से जगह जगह जलजमाव व कीचड़ की गिरफ्त में है। यही स्थिति राजदेवड़ी परिसर तथा यहां से छावनी पथ की है। बारीटोला रेलवे गुमटी के समीप जलजमाव की स्थिति है। पूरे दिन वर्षा होने के कारण सड़कों पर वाहनों का परिचालन कम हुआ।
गेहूं की फसलों को हुई क्षति
बारिश से हुआ सड़क पर जलजमाव।