अकबरनगर में ताला तोड़कर लाखों के सामान की चोरी
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अकबरनगर में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली गई है। मामले में थाना में गृहस्वामी दानिश इकबाल ने एक प्राथमिकी दर्ज करायी है। थाना को दिये गये आवेदन में गृहस्वामी ने कहा है कि वह अपने मां नाजरा खातून के साथ अवध एक्सप्रेस से मुंबई चला गया। जहां उसके मामा टाटा मेमोरियल हॉस्पीटल में भर्ती थे। वे कैसर से पीड़ित है। इसी क्रम में चोरों ने घर का ताला कई जगहों पर काट कर लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली। इस क्रम में चोरों ने घर का अलमीरा, ट्रंक, पेटी आदि तोड़ कर उसमें रखे गये आभूषण व अन्य सामान की चोरी कर ली। चोरों ने गैस सिलेंडर, इनवर्टर, बैट्री, सोने का चेन, सोने की चूड़ी, बाली के साथ साथ डेढ़ लाख रुपये नगदी की चोरी कर ली। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।