- Hindi News
- National
- Narkatiaganj News Madhuri Panchayat Chief Starts Construction Of Bridge Over Harpat Beni River
मधुरी पंचायत के मुखिया ने हरपत बेनी नदी पर पुल निर्माण कार्य कराया शुरू
मधुरी पंचायत के पश्चिमी पकुहवां गांव के समीप नदी पर पुल का निर्माण गुरुवार को शुरू कर दिया है। पुल का निर्माण स्थानीय मुखिया के निजी कोष से कराया जा रहा है। पुल निर्माण के लिए मधुरी पंचायत केे पश्चिम पकुहवां गांव के ग्रामीण कई वर्षों से मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग पर मुखिया ने पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया है। इस संबंध मे बताया जाता है कि पश्चिमी पकुहवां गांव पूरब से थेररी नदी और पश्चिम से हरपतबेनी नदी से घिरा हुआ है। पश्चिम पकुहवां के लोगों को मर्जादवा,नरकटियागंज सहित अन्य जगहों पर जाने के लिए नदी का पानी पार कर जाना पड़ता है। गांव के लोगों ने मुखिया से मिलकर नदी पर पुल निर्माण कराने की बात कही। जिस पर मुखिया ने सहमति जताई तथा हरपतबेनी नदी पर पुल का निर्माण गुरुवार से शुरू करवाया दिया। मुखिया बबीता देवी व मुखिया प्रतिनिधि सुरेश साह ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अपने निजी खर्च से पांच लाख रुपए की राशि से पुल का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। पुल निर्माण शुरू होने के समय लोगों में काफी खुशी देखी गई। मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि पुल निर्माण के लिए पांच होम पाइप, स्टोन, बालू आदि सामग्री गिरा दिया गया हैं। बहुत जल्द पुल निर्माण कार्य कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पश्चिम पकुहवा गांव से पश्चिम पुल बन जाने से मैनाटाड़ प्रखंड के क्षेत्र के लोगों का भी उसी रास्ते से भी आना-जाना शुरू हो जायेगा। क्योंकि हजमाटोला गांव के पास में नदी पर बना पुल अनुपयोगी बना हुआ है। पुल निर्माण कार्य शुरू होने पर शंभू प्रसाद, मोहन चौधरी, मुनीलाल साह, जमील मियां, मनोज चौधरी, शंभू यादव, भूषण चौधरी, संजय जयसवाल, देवनाथ साह, संजय साह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।