- Hindi News
- National
- Bettiah News Six Doctors And Personnel Of Bagaha Subdivision Hospital Trapped In Sdm Inspection
एसडीएम के निरीक्षण में बगहा अनुमंडल अस्पताल के छह डाॅक्टर और कर्मी फंसे
बगहा एसडीएम द्वारा किए गये जांच में अनुमंडलीय अस्पताल बगहा के चार चिकित्सकों समेत करीब आधा दर्जन कर्मी फंस गये है। एसडीएम विशाल राज ने इन चिकित्सकों व कमियों पर कार्रवाई के लिए डीएम कुंदन कुमार को रिपोर्ट भेजी है। डीएम को भेजी गई रिपोर्ट में एसडीएम ने कहा है कि अस्पताल की उपस्थिति पंजी की जांच के दौरान डॉ. राजीव कुमार का 24 फरवरी से 27 फरवरी तक का उपस्थिति अंकित नहीं था। उपाधीक्षक से पूछे जाने पर बताया गया है कि डयूटी रोस्टर के अनुसार शनिवार व सोमवार को इनकी डयूटी है। एसडीएम ने कहा है कि चिकित्सकों की डयूटी रोस्टर व उपस्थिति पंजी के अवलोकन में पाया गया कि चिकित्सकों का सप्ताह में दो या तीन दिन डयूटी है। परंतु चिकित्सकों द्वारा उपस्थिति पंजी में नियमित उपस्थिति दर्ज की गयी है। चिकित्सकों को रोस्टर के अनुसार दो या तीन दिन ही अनुमंडलीय अस्पताल उपस्थित रहना है। लेकिन पूरे सप्ताह की उपस्थिति, उपस्थिति पंजी में अंकित कर देना न्यायोचित नहीं है। एसडीएम ने कहा कि जांच में पाया गया कि डॉ. संजय कुमार गुप्ता, डॉ.सुनील कुमार सिंह व डॉ. राजीव कुमार की डयूटी लगातार 24 घंटे लगाई गई है। एक ही डाॅक्टर का 24 घंटे तक कर्तव्य पर बने रहना संभव प्रतीत नहीं होता है।
गायब थे कर्मी, जवाब नहीं दे पाए उपाधीक्षक
एसडीएम ने कहा है कि नीलू कुमारी परिचारिका श्रेणी ए, ममता मंजू देवी , गायत्री देवी, निर्मला देवी, कुसुम देवी, संगीता देवी की दोपहर 2 बजे से रात्रि 9 बजे तक डयूटी थी। परंतु अनुपस्थित थी। जब उपाधीक्षक से अनुपस्थिति के बारे में पूछा तो उनके द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया।