- Hindi News
- National
- Bagha News Sugarcane Farmers Suffer Due To Unseasonal Rains Difficult To Extract Crop
बेमौसम बारिश से बढ़ी गन्ना किसानों की परेशानी, फसल निकालना मुश्किल
शुक्रवार को हुई बारिश ने गन्ना किसानों की तबाही और भी बढ़ा डाली है। जंगल से होकर चीनी मिल तक जाने वाली सड़क खराब होने के कारण इस इलाके के गन्ना क्रय केंद्र बीते दिसम्बर माह से ही बंद हैं। रह रहकर हो जारी बारिश के कारण खेतों का पानी सूख नहीं पा रहा है। खेतों से गन्ने की फसल निकालना किसानों के लिए मुश्किल पड़ रहा है। जबकि बगहा चीनी मिल ने 15 मार्च को पेराई बन्द करने का अल्टीमेटम जारी कर रखा है। इस सूचना से किसानों की बेचैनी बेतरह बढ़ी हुई है। किसानों ने बताया कि बारिश से सरसों की फसल खेत में ही खराब हो रही है। जो फसल काट कर घर आई है उसमें से भी दाना नही निकाला जा पा रहा है। दूसरी तरफ गन्ना गिराने की समस्या विकराल है। किसानों ने बताया कि अभी भी इस क्षेत्र में 25 से 30 प्रतिशत गन्ना खेत मे ही खड़ा है। दिनेश पांडेय, प्रमोद दुबे, नंदकिशोर शर्मा, कमलेश आनंद, मनोज कुशवाहा, प्रमोद प्रसाद, संजय दुबे, सुनील साहनी आदि किसानों ने बताया कि ज्यादातर खेत मे अभी भी पानी लगा हुआ है। क्रय केंद्र बंद होने कारण गन्ना नही गिर पाया है। बड़े किसान, जिनके पास निजी साधन है, वे किसी तरह गन्ना इधर उधर गिरा ले रहे हैं। छोटे किसानों का गन्ना अभी भी खेत ही पड़ा हुआ है।