प्राथमिकी के बाद आरोपियों ने फिर की गोलीबारी
बिहपुर | झंडापुर ओपी क्षेत्र के झंडापुर चौधरी टोला में सोमवार की देर रात गोलीबारी का मामला प्रकाश में आया है। झंडापुर निवासी सौरव कुमार ने घटना की जानकारी झंडापुर ओपी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। घटनास्थल से पुलिस ने सात खोखा बरामद किया है। बता दें कि चार दिन पूर्व सौरभ ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ गोलीबारी करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी से खार खाए आरोपियों ने सोमवार को भी गोलीबारी की। घटना के बाद से पीड़ित के परिजन डरे-सहमे हैं। मंगलवार को एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती गांव पहुंचे और मामले की जांच की। ओपी प्रभारी शिवप्रसाद रमानी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।