कोरोना को ले आयोजनों पर पाबंदी, बीजेपी पर असर नहीं
कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए एक तरफ पूरे देश में बैठकें-आयोजनों पर प्रतिबंध है। वहीं सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने तमाम बंदिशों को नजरअंदाज कर रानीतालाब स्थित बीजेपी के नवनिर्मित दफ्तर में चार जिलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक कर ली। इसमें चारों जिलों से तकरीबन सौ से ज्यादा लोग जुटे, लेकिन कोरोना को लेकर एहतियात के एक शब्द भी पदाधिकारियों ने नहीं कहे।। ऐसे में जिला प्रशासन के शुक्रवार देर शाम जारी उस पाबंदी की हकीकत पर सवाल उठ गए हैं, जिसमें आयोजनों पर रोक लगाई गई। सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर भाजपा की बैठक कैसे होती रही? मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय का कहना है कि बैठक का शेड्यूल पहले से तय था। विकल्प नहीं था। वैसे, कोरोना से डरने की बात नहीं है। बैठक में भागलपुर समेत बांका, नवगछिया व खगड़िया से सौ से करीब कार्यकर्ता जुटे। इसमें विधानसभा चुनाव की तैयारी पर इन चार जिलों के मंडल, जिलाध्यक्ष, निवर्तमान अध्यक्षों को बुलाया था। क्षेत्रीय बैठक को मुख्य अतिथि प्रदेश सह संगठन मंत्री शिवनारायण महतो व भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह विधान पार्षद राधा मोहन शर्मा ने संबोधित किया। कार्यकर्ताओं को संगठन की गतिविधि व आगामी योजना बताने के लिए दोनों भाजपा पदाधिकारियों ने संगठन का पाठ पढ़ाया। बैठक में आए सभी कार्यकर्ताओं का जिलाध्यक्ष रोहित पाण्डेय ने स्वागत किया। इस दौरान सभी मंडल अध्यक्ष को मंडल कार्यकारिणी का फॉर्मेट भी दिया गया। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् व संगठन के गीत से हुई। इस मौके पर सभी जिलाध्यक्ष व मुख्य अतिथि ने पं. दीनदयाल उपाध्याय व डॉॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
मंडल कमेटी का विस्तार जल्द हो, ताकि बूथ स्तर तक मजबूती मिले : शिवनारायण महतो
बैठक में सह संगठन मंत्री शिवनारायण महतो ने कहा कि मंडल कमेटी का विस्तार जल्द हो। ताकि हमारा काम बूथ स्तर तक मजबूती पा सके। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं को अपनी सीटें जिताना है, इसलिए सभी अभी से कमर कस लें। बूथ कमेटी को मजबूत करें ताकि हम बूथ पर विजयी हो सकें। प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा ने आगामी कार्यक्रम की चर्चा करते हुए पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल के बारे में जिक्र किया। कहा, स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान बूथ अध्यक्ष के घर पर पार्टी का झंडा फहराना है व कार्यकर्ताओं के घर पर भी स्टीकर लगेगा। स्थापना दिवस किस प्रकार से धूमधाम से मनाना है, इसकी चिंता हम सभी कार्यकर्ताओं को करनी है। साथ ही उन्होंने चारों जिले के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कमर कस लेने की बात कही।
भागलपुर, बांका, नवगछिया व खगड़िया के कार्यकर्ताओं को संगठन मंत्री और प्रदेश महामंत्री ने किया संबोधित
भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताअाें के साथ बैठक करते संगठन व प्रदेश महामंत्री।