पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

होली के दौरान तेतरी में दो पक्षों के बीच गोलीबारी और पथराव, दो युवक जख्मी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

होली के मौके पर मंगलवार को तेतरी गांव में दो गुटों के बीच गोलीबारी व पथराव हो गया। दोनों ओर से 50 राउंड गोलियां चलाई गई। इस दौरान तेतरी निवासी मिथिलेश दास 20 वर्ष को जांघ में गोली लग गई। वहीं पथराव में दिलीप दास घायल हो गए। घटना में चार बाइक और एक चार पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर एसपी निधि रानी व एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती सहित पुलिस जिले के सभी थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस ने घायल मिथलेश व दिलीप दास को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। जहां दोनों के प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद देर रात तक पुलिस गांव में कैंप कर रही थी। गांव में दंगा निरोधक दस्ता को के साथ पुलिस अफसर तैनात किए गए हैं। नवगछिया थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने बताया कि गोली से घायल मिथिलेश दास के बयान पर 14 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि एक दिन पहले दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस संदर्भ में एससी-एसटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी को लेकर घटना हुई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

इधर, मामूली विवाद में सहौरा व मदरौनी के लोगों के बीच मारपीट, 13 घायल

रंगरा| मदरौनी और सहौरा के युवकों के बीच होली के मौके पर मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से जमकर रोड़े भी चले। पक्ष एक दूसरे पर गोली चलाने का भी आरोप लगा रहे हैं। वहीं मारपीट में दोनों ओर से दर्जनों लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को मायागंज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची रंगरा पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है। घटना को लेकर सहौरा के वरुण यादव के बयान पर मदरौनी पंचायत के मुखिया अजीत कुमार मुन्ना, संजय सिंह, मोनू सिंह, सोनू सिंह, इंद्रजीत सिंह, मनोज सिंह मिथिलेश यादव सहित 17 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। रंगरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार राम ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। घायलों में मदरौनी के घनश्याम सिंह, राणा प्रताप सिंह, रानी देवी, गोपाल प्रसाद सिंह, सोनू कुमार, इंद्रजीत सिंह, मनोज प्रसाद सिंह, पलटन कुमार सिंह, रविकांत सिंह का इलाज मायागंज में चल रहा है। वहीं दूसरे पक्ष के वरुण यादव, घनश्याम यादव, पूरो यादव व मनोज यादव का इलाज पीएचसी में चल रहा है।

8 मार्च को बारात में डीजे पर अश्लील गाना बजाने पर हुई थी मारपीट

तेतरी में 8 मार्च को बारात में डीजे पर अश्लील गाना बजाने पर एक पक्ष ने विरोध किया था। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मारपीट में पंचायत के मुखिया रविंद्र दास व प्रह्लाद दास घायल हो गए थे। नवगछिया एससीएसटी थाना में प्रहलाद दास ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें मुकेश राय, बोका राय, मदन झा, सोनू चौधरी, नितीश चौधरी, गिरगिटया राय को नामजद किया था। इस घटना के बाद से गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव था। इसी को लेकर गोलीबारी हुई।

पथराव के दौरान क्षतिग्रस्त टेंपो।

गोली लगने से घायल मिथलेश कुमार।

पथराव में घायल दिलीप दास।
खबरें और भी हैं...