पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सरकारी चापानलों की हाेगी ऑनलाइन मॉनिटरिंग एक क्लिक पर दिख जाएगी पूरी स्थिति : मंत्री

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

प्रदेश के 7.50 लाख सरकारी चापानलों को जियो टैगिंग से जोड़ा गया है। सूबे में अभी 9.50 लाख सरकारी चापानल हैं। शेष बचे चापानलों को अप्रैल तक जोड़ दिया जाएगा। बिहार देश का पहला राज्य है जहां चापानलों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी। इलाके के बंद व ठीक हुए चापानलों का फोटो एक क्लिक पर दिख जाएगा। इतना ही इंजीनियरों ने क्या उपकरण बदले और उसमें कितना खर्च हुआ, इसका खर्च संबंधी ब्योरा भी ऑनलाइन दिखेगा। सोशल ऑडिट के बाद ही ठेकेदारों को पेमेंट किया जाएगा। यह जानकारी राज्य के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचइडी) मंत्री विनोद नारायण झा ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में दी।

भागलपुर में 16 हजार 611 चापानलों में लगाया गया जियो टैग

मंत्री ने बताया कि राज्य के हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए पीएचइडी के माध्यम से कई योजनाएं चलायी जा रही है। इसमें एक योजना चापाकल की भी है। यह समानांतर व्यवस्था चालू रहेगी। मगर, गांव के लोग काम से संतुष्ट नहीं हो रहे हैं। मरम्मत के बाद भी चापाकलों से पानी नहीं निकलने और इसके खराब पड़े रहने की शिकायत विभाग तक पहुंच रही हैं। यह समस्या अब आगे नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि इससे जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त होगी। भागलपुर के संदर्भ में उन्होंने बताया कि यहां अबतक 16 हजार 611 चापाकलों में जियो-टैग लग चुका है। बाकी के चापाकलों को जियो टैगिंग करने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दी गयी है। मौके पर पूर्व सांसद अनिल यादव व विभाग के मुख्य अभियंता रमणजी झा, अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार अखिलेश, पीएचइडी पूर्वी के कार्यपालक अभियंता रंजीत कुमार व अन्य थे।

कहलगांव और पीरपैंती की बाधा जल्द होगी दूर

वहीं, मल्टी विलेज स्कीम के 310 वार्ड में 71 हजार घर हैं। हर संभव कोशिश रहेगी कि अप्रैल तक टारगेट पूरा कर लिया जाए। सुल्तानगंज मल्टी विलेज स्कीम से नाथनगर और सुल्तानगंज प्रखंड के आर्सेनिक व फ्लोराइड प्रभावित गांवों के लिए गंगा का पाली लिफ्ट कर जलापूर्ति होगी। उन्होंने कहा कि कहलगांव और पीरपैंती प्रखंड में जो बाधाएं आ रही थी उसे दूर कर लिया गया है। 240 वार्डों के 58 हजार घरों को चिह्नित कर लिया गया है। इन घरों में अप्रैल तक नल का जल पहुंच जाएगा।

ज्योतिरादित्य के अाने से मजबूत हुई है पार्टी

भागलपुर | पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा कि कांग्रेसी से भाजपाई बने ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसी घटना की पुनरावृत्ति फिलहाल बिहार में नहीं होगी। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि कोई भाजपा की सदस्यता लेने कोई आएगा तो हमलोग उसे राेकेंगे भी नहीं। मंत्री ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को महाराज कह कर सम्मान दिया। उन्हाेंने कहा कि महाराज के अाने से पार्टी एमपी में पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि वहां तो युवा नेताओं का भविष्य ही सुरक्षित नहीं है। सामाजिक मुद्दों से कांग्रेस का कोई वास्ता नहीं रहा है। कांग्रेस देश की वास्तविकता से अनभिज्ञ है। कांग्रेस अप्रासंगिक होती जा रही है। कांग्रेस में बौखलाहट है।

पहले चरण में हर पंचायत में एक कुआं का होगा जीर्णाेद्धार

मंत्री ने बताया कि जल जीवन हरियाली मिशन के तहत जल स्रोतों का पुनरुद्धार किया जाएगा। इसके पहले पहले चरण में हर एक पंचायत में एक-एक कुआं का पुनरुद्धार होगा। यानी, भागलपुर जिले में 242 पंचायत में एक-एक कुआं पुनर्जीवित होगा। हरेक कुआं पर 70 हजार से लाख रुपये तक लागत आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अगर अपने व्यक्तिगत कुआं का भी जीर्णोद्धार कराना चाहता है, तो इस योजना होगा मगर, जीर्णोद्धार के बाद उन्हें उस कुआं को सार्वजनिक करना होगा।

मल्टी विलेज स्कीम से हर घर में नल का जल पहुंचाया जाएगा

पीएचइडी मंत्री ने कहा कि अप्रैल तक हर घर में नल से जल पहुंचने का टारगेट है। हर घर नल जल योजना चल ही रही है। साथ में मल्टी विलेज स्कीम पर भी काम हो रहा है। कहलगांव-पीरपैंती में बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना पूरा होने के कगार पर है। वहीं, सुल्तानगंज की जलापूर्ति योजना को कांट्रेक्टर ने अधूरा छोड़ दिया है। इसका भी री-टेंडर फाइनल कर काम शुरू करा दिया गया है। जिले में 1784 वार्ड है। इसमें 310 वार्ड में मल्टी विलेज स्कीम से हर घर में नल से जल पहुंचाया जाएगा। बाकी 1474 वार्डों में हर घर नल जल योजना से काम पूरा होगा। इसमें दो लाख 20 हजार के करीब घर है।

क्या उपकरण बदले, कितना खर्च हुआ, सभी ब्योरा ऑनलाइन दिखेगा


सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता करते पीएचईडी मंत्री और साथ में भाजपा के नेता।
खबरें और भी हैं...