तलाश : मायागंज से भागे संदिग्ध काे ढूंढेगा विभाग
मेडिकल काॅलेज अस्पताल में भर्ती मुंगेर से आए काेराेना के संदिग्ध 30 वर्षीय मर्चेंट नेवी के जवान रिंकेश कुमार के भागने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। हांगकांग से लौटे जवान रिंकेश का शुक्रवार को सैंपल लिया गया था। डाॅक्टराें ने उसे दाे दिनाें तक निगरानी में रखने के लिए वार्ड में भर्ती किया था, लेकिन दोपहर दो बजे के बाद वह भाग गया। उसकी रिपोर्ट आने में दो-तीन दिन लगेंगे। ऐसे में स्वास्थ्य महकमा चिंतित है कि यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तब क्या होगा? मामले की गंभीरता देखकर अस्पताल अधीक्षक रामचरित्र मंडल ने मुंगेर के सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव और डब्ल्यूएचओ को पूरी जानकारी से अवगत कराते हुए त्राहिमाम संदेश भेजा है। अब पूरा स्वास्थ्य महकमा रिंकेश को ढूंढने में लगा है। उधर, सहरसा के जिस मरीज को कोरोना वायरस का संदिग्ध बताकर मेडिकल कॉलेज एंड हाॅस्पिटल जांच के लिए भेजा गया था। उसमें कोरोना वायरस से संबंधित कोई लक्षण नहीं मिले। मरीज को सहरसा भेज दिया गया। शनिवार को डॉ. हेमशंकर शर्मा ने उस मरीज की प्रारंभिक जांच की। सहरसा के पंचवटी चौक स्थित डाॅ. अखिलेश प्रसाद के क्लीनिक में आनंद मिश्रा नाम का एक मरीज दिखाने आया था। वह होली से पहले अहमदाबाद से सहरसा अपनी ससुराल आया था।