पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसों में सात की मौत, आठ लोग घायल, 3 गंभीर

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में मंगलवार को सात लोगों की मौत हो गई जबकि 8 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत नाजुक है। पहली घटना रसलपुर थाना क्षेत्र में एकचारी-महगामा पथ पर रामपुर खड़हरा गांव के समीप की है। यहां एक ही बाइक से चार युवक कटोरिया से अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच एक टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं एक बाइक सवार और टेंपो पर बैठे तीन यात्री घायल हो गए।

दूसरी घटना शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर-किशनदासपुर सड़क पर मंगलवार शाम लगभग 5 बजे बाइक और कार के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। रामपुर खड़हरा में हुई दुर्घटना में संतोष कुमार (17), छोटू कुमार (18), रिशु कुमार (17) और संतोष कुमार टू (22) बाइक से कटोरिया से अपने रिश्तेदार से मुलाकात कर घोघा के पक्कीसराय घर लौट रहे थे। इनमें से रेशु और संतोष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अनुमंडल अस्पताल ले जाने के क्रम में छोटू कुमार ने भी दम तोड़ दिया। संतोष कुमार टू को गंभीर स्थिति में मायागंज रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक है। दुर्घटना के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। बाइक और टेंपो को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

टेंपो पर सवार घायलों में धनौरा निवासी खैरून भाटीन, मो. मोइनुद्दीन और किशनदासपुर के रिटायर्ड डाककर्मी गोवर्धन प्रसाद शर्मा का इलाज अनुमंडल अस्पताल में किया गया। दुर्घटना के शिकार हुए लोगों के परिजनों के चीख-पुकार से अस्पताल में माहौल गमगीन हो गया।

रंगरा में बस ने पूर्णिया के बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत

रंगरा। एनएच-31 पर मदरौनी चौक के समीप बुधवार दोपहर 3 बजे पूर्णिया से बेगूसराय जा रहे एक बाइक सवार युवक को विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित बस ने रौंद दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र के कोचली बरसोनी हाट निवासी अमित राज यादव के पुत्र छोटू कुमार राज (27) के रूप में की गई है। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची रंगरा पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भिजवाया और परिजनों को इसकी जानकारी दी। बस को पुलिस ने चापर टीओपी के पास पकड़ लिया। चालक और खलासी मौके का फायदा उठाकर भाग गए। उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

शिवनारायणपुर में कार ने बाइक में मारी ठोकर, दो की लोगों की चली गई जान

मंगलवार की शाम पांच बजे शिवनारायणपुर बाजार से बाइक से किशानदासपुर घर लौट रहे राजेश कुमार शर्मा 29 और धनंजय कुमार शर्मा 55 को बिना नंबर की कार ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार राजेश कुमार शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वही धनंजय कुमार की मौत मायागंज में इलाज के दौरान हो गई। दोनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। बाइक और कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वहीं कहलगांव के रामकृष्ण नगर केनरा बैंक के पास बाइक के धक्के से एक बच्चा घायल हो गया।

ट्रैक्टर के धक्के से महिला की मौत, पति गंभीर

रंगरा। डुमरिया-तीनटंगा सड़क पर डुमरिया पुल के समीप बाइक सवार दंपति को बालू लदे ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया। इससे बाइक के पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची गोपालपुर पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। घायल पति को इलाज के लिए रंगरा पीएचसी भर्ती कराया। मृतक महिला की पहचान कटिहार के कुरसेला निवासी मधु देवी (20) के रूप में की गई है। 9 माह पूर्व ही मधु की शादी हुई थी। वह होली में अपने मायके आई थी, जो एकचारी निवासी पति शंभु मंडल के साथ ससुराल लौट रही थी। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर रंगरा निवासी कारे मंडल का है। ट्रैक्टर उनका बेटा हिमांशु मंडल चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक नशे में था।

सुल्तानगंज में दो महिला समेत तीन घायल

सुल्तानगंज। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो महिला समेत तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना 9 मार्च की देर शाम सुल्तानगंज-भागलपुर एनएच 80 पर महेशी के पीपल वृक्ष के समीप सड़क पार कर रहे एक स्थानीय युवक को बंगाल नंबर की एक अज्ञात वाहन ने धक्के मार कर भाग निकला। इस घटना में युवक सुमन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन इलाज कराने भागलपुर लेकर चले गए। दूसरी घटना स्टेशन रोड स्थित एसबीआई शाखा के समीप की है,जहां बाइक के किसी अन्य वाहन से टक्कर हो जाने पर बाइक के पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर से घायल हो गई।

रिशु की फाइल फोटो।

संतोष की फाइल फोटो।

छोटू की फाइल फोटो।

किशनदासपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
खबरें और भी हैं...