साइकिल से बासा जा रहे पशुपालक को ट्रक ने मारा धक्का, मौके पर मौत
एनएच-31 पर साइकिल से बासा जा रहे एक पशुपालक को एक बेकाबू ट्रक ने धक्का मार दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे नारायणपुर प्रखंड के इंदिरा मंच चौक के पास हुई। मृतक की पहचान जेपी कॉलेज टोला निवासी रंजीत यादव उफ नंदू यादव 50 वर्ष के रूप में की गई है। घटना के बाद ट्रक का चालक वाहन के साथ फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना पर बिहपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के घटनास्थल पहुंचे और लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भिजवाया। इधर, लोगों की सूचना पर ग्रामीण और परिजन भी मौके पर पहुंचे। पशुपालक का शव देखकर परिजन बदहवास हो गए। गाँव के ही राजकिशोर यादव व अर्जुन यादव ने बताया कि रंजीत यादव हर दिन की तरह गुरुवार को भी जयरामपुर स्थित अपने बासा पर जा रहा था। वह वहीं मवेशियों को पालकर दूध की बिक्री करता था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। देर शाम पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजन के बयान पर अज्ञात ट्रक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ट्रक चालक और मालिक का पता लगा रही है।
मसाढ़ू में सड़क पर बने गड्ढे में गिरने से बाइक सवार बेहोश
सबौर| एनएच 80 पर मसाढ़ू के पास सड़क पर बने गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार बेहोश हो गया। दुकानदारों ने बताया कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। दुकानदारों ने घटना की सूचना सबौर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। युवक सन्हौला के रविडीह गांव का रहने वाला है। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गई है। आसपास के लोगों का कहना है कि एनएच पर कई जगह गड्ढे हैं। गाड़ी चलने से धूल उड़ती है जिससे कुछ देर तक दिखाई नहीं पड़ता है। इससे हादसे हो रहे हैं।
नारायणपुर में पशुपालक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
चौकीदार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
नारायणपुर| एनएच-31 पर नारायणपुर बस स्टैंड के पास बुधवार की रात हुई बस और ट्रक की भीषण टक्कर मामले में गुरुवार को चौकीदार दयानंद पासवान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी और 20 लोग घायल हो गए थे। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि ट्रक व बस को कब्जे में रखा गया है। दोनों वाहन के मालिकों का पता लगाया जा रहा है।
लोगों ने कहा-वाहनों की गति पर रोक लगाने में पुलिस विफल