गंगा में डूबे ट्रिपल आईटी के दो छात्रों की मौत, गोताखोरों ने निकाला शव
भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (बीसीई) के घाट पर गंगा में शनिवार को नहाने के दौरान डूबे ट्रिपल आईटी के दो लापता छात्रों को एसडीआरएफ की टीम ने रविवार को ढूंढ़ निकाला। दोनों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। उनके शव गोताखोरों ने निकाले। दोनों एशुकापल्ली वेंकटा नरसिम्हा फानीतेजा और बोनागिरी वेंकटा साइकिरण कम्प्यूटर साइंस में फर्स्ट ईयर के छात्र थे। सुबह 8 बजे मिले दोनों लाशों का पोस्टमार्टम करवाया गया है। उनके परिजन आंध्रप्रदेश से भागलपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। जीरोमाइल पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज किया है।
शनिवार काे ट्रिपल आईटी के फर्स्ट ईयर के पांच छात्र गंगा में नहाने गए थे। इसमें पांच डूब गए थे। एक मछुआरे ने तीन को बचाया, लेकिन दो लापता थे। उनकी तलाश एसडीआरएफ टीम कर रही थी। तीन घंटे की तलाश में दोनों के न मिलने के बाद रविवार सुबह से ही टीम ने फिर से गंगा में तलाश शुरू किया। सुबह 8 बजे दोनों की लाश पानी में मिली। पुलिस को छात्र एस. साईं थारून ने आवेदन दिया है।
लाश मिलने के बाद कॉलेज में पसरा रहा सन्नाटा
दोनों की लाश मिलने से पूरे कॉलेज परिसर में सन्नाटा पसर गया। मृत छात्र एशुकापल्ली वेंकटा नरसिम्हा फानीतेजा आंध्रप्रदेश के अंगुले जिला का रहने वाला था। दूसरा छात्र बोनागिरी वेंकटा साइकिरण प्रकाशम वियजवाड़ा का रहने वाला था। कॉलेज डायरेक्टर डॉ. अरविंद चौबे ने बताया, परिजनों के आने का इंतजार हो रहा है। शव ले जाने के लिए कॉलेज प्रशासन ने व्यवस्था कर दी है।
छात्र बोनागिरी वेंकटा साइकिरण की फाइल फोटो।
छात्र एशुकापल्ली वेंकटा नरसिम्हा फानीतेजा की फाइल फोटो।