पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Bihar Sharif News 47 Candidates Expelled While Coping In Constable Recruitment Examination 31 Caught From A Center

सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल करते निष्कासित किए गए 47 अभ्यर्थी, एक केंद्र से 31 पकड़े गए

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

केन्द्रीय चयन परिषद द्वारा रविवार को शहर के 6 परीक्षा केन्द्रों पर सिपाही भर्ती परीक्षा ली गयी। कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए डीएम-एसपी ने खुद कमान संभाल रखी थी। सख्ती के कारण ही दो परीक्षा केंद्रों पर से 47 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गये। एक फर्जी परीक्षार्थी भी पकड़ी गयी। आरपीएस स्कूल से पहली पाली में 16 और दूसरी में 15 परीक्षार्थी पकड़े गये। वहीं सदर आलम स्कूल से पहली पाली में 7 और दूसरी पाली में 9 परीक्षार्थी निष्कासित किये गये। आरपीएस में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ी गयी। दोनों पालियों में कुल 1699 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 841 और दूसरी पाली में 858 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि पहली पाली में 6700 और दूसरी पाली में 6716 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के दौरान डीएम औए एसपी सहित सभी वरीय पदाधिकारी सेंटरों का निरीक्षण करते दिखे। परीक्षा केन्द्रों के बाहर व अंदर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बिना फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। यातायात एवं वाहनों की पार्किंग की जवाबदेही एसडीओ बिहारशरीफ और एसडीपीओ सदर को दी गयी थी। शहर में यातायात लगभग नियंत्रण में दिखी।

सुरक्षा की थी पूरी व्यवस्था


परीक्षा के लिए पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। परीक्षा के दौरान प्रत्येक केन्द्र पर एक आब्जर्वर व तीन मजिस्ट्रेट के साथ-साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इनक इसके अतिरिक्त केन्द्रों के गेट के पास अलग से दो मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी लगाए गए थे। जिले के सभी 6 केन्द्रों पर जोनल मजिस्ट्रेट व तीन फ्लाइंग स्क्वायड की भी तैनाती की गयी थी। इसके नजर रखने के लिए जिलास्तर पर एक नियंत्रण कक्ष काम कर रहा था।

बायोमेट्रिक आइडेंटिफिकेशन से हुई जांच

परीक्षा केन्द्रों पर बायोमेट्रिक आइडेंटिफिकेशन की व्यवस्था की गयी थी। जिसके माध्यम से अभ्यर्थियों के अंगूठे का निशान तथा फोटो लेने की व्यवस्था की गयी थी। अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से प्रवेश दिया जा रहा था। अभ्यर्थी अपने साथ सिर्फ एडमिटकार्ड, पोस्टकार्ड साइज फोटो चिपका हुआ फोटो शीट, आई कार्ड अथवा आधार कार्ड के साथ नीली या काली बालपेन लेकर आए थे। कड़ी सुरक्षा में केंद्रों पर परीक्षा ली गई। परीक्षा के बाद लौटने के लिए परीक्षार्थियों में आपाधापी लगी रही।

परीक्षार्थियों ने कहा -

करेंट अफेयर्स से एक
भी प्रश्न नहीं पूछा


परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने कहा कि परीक्षा में सभी प्रश्न काफी आसान थे। हाई मार्क्स उठेंगे। अभ्यर्थियों ने बताया कि करेंट अफेयर्स से एक भी प्रश्न नहीं पूछे गए थे।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर रही पूरी रोक : परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को पेन, एडमिट कार्ड व आईडी प्रूफ के अतिरिक्त कुछ नहीं ले जाने दिया गया। अभ्यर्थियों से इलेक्ट्रॉनिक गैजेट सहित अन्य सामान गेट पर ही जमा करा लिया गया था। छात्राओं को भी किसी प्रकार का समान अंदर ले जाने नहीं दिया गया। महिला पुलिस द्वारा जांच के बाद ही केंद्र के अंदर जाने की अनुमति दी गयी। परीक्षार्थियों का जूता बाहर ही खुलवाया जा रहा था।


सुबह से ही परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचने लगे परीक्षार्थी

सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुबह से ही अभिभावकों की भीड़ लगी थी। सभी अभ्यर्थियों के साथ अभिभावक आये थे। परीक्षा 10 बजे शुरू होनी थी, लेकिन परीक्षार्थी 7.30 बजे से पहले ही केन्द्रों पर पहुंच गए थे।

प्रश्न पत्र रहा वायरल

सिपाही परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारी तो चुस्त दुरुस्त दिखी। मगर प्रश्न पत्र वायरल होने की खबर के कारण कई परीक्षार्थी अपने अपने केंद्र पर अंतिम समय इंट्री किये। प्रश्न पत्र वायरल रहने का ही परिणाम रहा कि 47 अभ्यर्थी पकड़े गये। हालांकि प्रश्न पत्र लीक की खबर या वायरल होने की प्रशासनिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

सिपाही भर्ती परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए जिला पदाधिकारी।

सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान कदाचार कर रहे परीक्षार्थियों को हिरासत में लेकर जाती पुलिस
खबरें और भी हैं...