दुर्घटना में बाइक सवार एलआईसी एजेंट की मौत
हिलसा थाना अंतर्गत प्रखंड कॉलनी के समीप शुक्रवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार एलआईसी अभिकर्ता की मौत हो गई। जबकि, पुत्र घटना में जख्मी हो गया। मृतक एकंगरसराय के कुड़वापर निवासी स्व. जागेश्वर प्रसाद सिंह के पुत्र आनंदी प्रसाद हैं। घटना की सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस जख्मी हंसराज कुमार को इलाज के लिए अस्पताल लाई। साथ ही शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। एलआईसी अभिकर्ता अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार हो हिलसा आ रहे थे। उसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसके बाद दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद वाहन ने अभिकर्ता को कुचल दिया। जिससे मौके पर उनकी जान चली गई। थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है।