- Hindi News
- National
- Bihar Sharif News Gulal Will Fly Tomorrow Gulzar Remains Market From Shopping
कल उड़ेगा गुलाल, खरीदारी से बाजार रहे गुलजार
रंगों का त्योहार होली मनाने के लिए जिलेवासी में जुटे हैं। सोमवार को अगजा तो मंगलवार को होली मनेगी। खूब रंग गुलाल उड़ेगा। होली को लेकर बाजार गुलजार रहा। लोग खरीदारी में जुटे हैं। रंग गुलाल की खूब बिक्री हो रही है। इस बार लोग केमिकल युक्त रंग गुलाल से परहेज करते दिख रहे हैं। प्राकृतिक रूप से तैयार रंग गुलाल की ग्राहक मांग कर रहे हैं। बच्चों के लिए बाजार में एक से बढ़कर एक आकर्षक डिजाइन में पिचकारियां उपलब्ध है। पिचकारी के दुकानों पर बच्चों की भीड़ लगी है।
रंग भरी पिचकारियों से सजा है बाजार
रंग भरी पिचकारियों से पूरा बाजार सजा है। रविवार तक लोग रंग और पिचकारी के दुकानों में खरीददारी करते दिखे। सोहसराय, भरावपर, पुलपर, खंदकपर सहित सभी प्रमुख बाजारों में रंग और पिचकारी की अस्थायी दुकानें सजी है। दुकानदारों ने बताया कि इस बार अबीर-गुलाल की ज्यादा मांग है। छोटा भीम, डोरीमान, डायनासोर, टैंक, हजारा, पाइप पिचकारी, लोहा पंप, प्लास्टिक पंप पिचकारी की खूब बिक्री हो रही है। बाजार में तरह-तरह के मुखौटे भी बिक रहे हैं।
घरों में पकवान बनाने की पूरी तैयारी : होली में तरह-तरह के पकवान बनाने की तैयारी पूरी है। खासकर मालपुआ, गुजिया, दहीबाड़ा आदि लगभग सभी घरों में बनेंगे।
रंग में नहीं पड़ेगा भंग
प्रशासन ने भी शांतिपूर्वक पर्व सम्पन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए सभी पदाधिकारियों को कहा गया है।
स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है केमिकल रंग : केमिकल मिले रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। यह त्वचा और आंखों को नुकसान पहुंचाता है। पेट में चले जाने पर स्वास्थ्य बिगाड़ सकता है। जिन व्यक्तियों को रंगों से एलर्जी है वह होली खेलने से परहेज करें।