पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Nalanda News Made An Isolation Ward Of 10 Beds But Half Finished Preparation Only 50 Ml Sanitizer For Hand Washing

10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया लेकिन आधी-अधूरी तैयारी, हाथ धोने के लिए सिर्फ 50 एमएल का सेनेटाइजर

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना वायरस को लेकर जिला अलर्ट पर है। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर अलग से आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की जा रही है। सदर अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है लेकिन तैयारी आधी अधूरी है। यहां डेंगू वार्ड को आइसोलेशन वार्ड बना दिया गया है। कुछ आवश्यक सामग्री रखकर चिकित्सक एवं नर्स का रोस्टर चिपका दिया गया है। इसके अलावा दो-चार मास्क और हाथ साफ करने के लिए सबसे जरूरी सेनेटाइजर की व्यवस्था तो की गयी है लेकिन मात्र 50 एमएल का सेनेटाइजर रखकर खानापूर्ति की गयी है। हाथ धोने के लिए बेसिन नहीं है और बाथरूम में पानी नहीं है। हालांकि अभी तक इस वार्ड में रखने लायक एक भी संदिग्ध मरीज नहीं पहुंचा है।

आउट आॅफ मार्केट हुआ मास्क और सेनेटाइजर

कोरोना वायरस को लेकर हाई अलर्ट होते ही शहर से मास्क और सेनेटाइजर लगभग आउट ऑफ मार्केट हो गया है। कहीं उपलब्ध भी है तो ऊंची कीमत ली जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि अचानक कीमत बढ़ने के कारण पूंजी फंसाने से डर रहे हैं। इस कारण मार्केट में कमी हो गयी है। प्वाइनियर सर्जिकल के संचालक सुनील कुमार ने बताया कि शहर में कभी सेनेटाइजर की मांग नहीं रही है लेकिन कोरोना के कारण मांग बढ़ गयी है। जबकि कंपनी द्वारा आपूर्ति नहीं की जा रही है। मास्क भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

चार गुणा हुआ महंगा

मास्क और सेनेटाइजर की कीमत चार गुणा महंगी हो गयी है। बावजूद इसके उपलब्ध नहीं है। एन 95 मास्क पहले 60-70 रुपये में मिलता था। अब 2 से ढाई सौ रुपया हो गया है। पांच-छह रुपया में मिलने वाला साधारण मास्क भी 25-30 रुपये में मिल रहा है।

वार्षिक परीक्षा नहीं लेंगे प्राइवेट स्कूल


सरकार द्वारा जारी एड्वायजरी के अनुसार पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक कर विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है। साथ ही बैठक में इस वर्ष वार्षिक परीक्षा नही लेने का भी निर्णय लिया गया है। एसोसिएशन के संरक्षक अरविंद कुमार सिंह, अध्यक्ष आशीष रंजन, सचिव भेषनाथ प्रसाद ने बताया कि इस वर्ष कक्षा नर्सरी से नौवीं तक वार्षिक परीक्षा नहीं ली जाएगी। विगत साल भर के दौरान पांच परीक्षा ली गई थी। इन्ही परीक्षाओं के रिजल्ट के आधार पर मूल्यांकन कर विद्यार्थियों को आगे के क्लास के लिए प्रमोट किया जाएगा। 31 मार्च तक स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया गया।

राजगीर | 200 से अधिक मीटिंग कैंसल

विदेशी पर्यटकों से गुलजार रहने वाले राजगीर के बड़े होटलों में सन्नाटा पसरा है। पर्यटन स्थलों पर भी छिटपुट विदेशी पर्यटक नजर आ रहे हैं। जिन जिन होटलों में ये ठहरते थे वहां बुकिंग कैंसल कर दी गयी है। चीन के पर्यटकों की तो फरवरी माह से ही बुकिंग कैंसल है। होटल प्रबंधक बुकिंग नहीं ले रहे हैं। इंडो होके होटल के प्रबंधक कैलाश नाथ झा ने बताया कि दो-तीन दिन के दौरान थाईलैंड, जापान, मलेशिया, इंडोनेशिया से बुकिंग आयी थी लेकिन कैंसिल कर दिया गया। 200 से अधिक मीटिंग कैंसल की गयी है। सिद्धार्थ होटल के प्रबंधक विजय सिंह ने बताया कि उनके यहां एक भी विदेशी पर्यटक या बुकिंग नहीं है। गार्गी गौतम रिसार्ट के प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि बीते दो दिनों के दौरान थाईलैंड के 74 पर्यटकों की बुकिंग रद्द की गयी है। एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि कोरोना को ले रोपवे, नालंदा खंडहर में मेडिकल टीम तैनात है।विदेशी पर्यटकों की जांच हो रही है।

31 मार्च तक बंद किए गए पार्क

राजगीर और बिहारशरीफ सहित जिले के सभी पार्कों को बंद कर दिया गया है। पाण्डु पार्क, वेणुवन, घोड़ा कटोरा, जयप्रकाश उद्यान, बिहारशरीफ का सुभाष पार्क, हिरण्य पर्वत पार्क, अनुग्रह नारायण पार्क, अम्बेर चिल्ड्रेन पार्क को भी नगर निगम ने बंद कर दिया है। कन्वेंशन सेंटर के जीएम प्रभास शाह ने बताया कि कन्वेंशन सेंटर और पाण्डु पार्क 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। वन विभाग के डीएफओ नेशामणि ने विभाग के सार्वजनिक स्थलों को पूर्ण रूप से बंद करने की बात कही है।

मंडल कारा के बंदियों की भी की जा रही निगरानी

मंडल कारा बिहारशरीफ के अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि बंदियों की भी निगरानी की जा रही है। पेशी पर जाने-आने वाले बंदियों की जेल के दो चिकित्सकों द्वारा जांच की जा रही है।

14 दिन कम से कम निगरानी में रखना है

विम्स के आइसोलेशन वार्ड में दो संदिग्ध मरीजों को रखा गया था जिसे दो दिन बाद ही डिस्चार्ज कर दिया गया। जबकि ऐसे मरीजों पर कम से कम 14 दिन निगरानी करनी है। अधीक्षक डा. ज्ञान भूषण ने बताया कि बाहर से आने वाले मरीज यदि अपने को कोरोना से प्रभावित बताता है तो उसकी संतुष्टि के लिए आइसोलेशन वार्ड में रखना जरूरी है। बिना लक्षण के आइसोलेशन वार्ड में रखना उचित नहीं है। ऐसे में सवाल यह कि यदि किसी में कोई लक्षण मिल रहा हो तो उसकी जांच के लिए सेंपल पटना क्यों नहीं भेजा।

पर्यटन प्रभावित: राजगीर के होटलों में एक भी विदेशी मेहमान नहीं, दो दिनों में 74 थाई पर्यटकों की बुकिंग हुई रद्द

24 घंटे के अंदर व्यवस्था ठीक करने का निर्देश

सदर अस्पताल में की गयी तैयारियों का एसीएमओ डा. अवधेश कुमार और जिला एपिडिमियोलॉजिस्ट डा. मनोरंजन कुमार ने जायजा लिया। मानक के अनुसार तैयारी नहीं मिली। अस्पताल प्रबंधक को 24 घंटे के अंदर व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। एसीएमओ ने बताया कि यहां हर समय कम से कम एक कर्मी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि बड़े साइज के सेनेटाइजर की भी व्यवस्था की जा रही है। 50 एन 15 मास्क उपलब्ध कराया गया ।

एहतियात

इन बातों का रखें ख्याल

{जब भी सर्दी जुकाम हो तो दूसरों के साथ नजदीकी संपर्क नहीं बनाएं। खुले में नहीं थूकें। {यदि बुखार, सर्दी या सांस लेने में समस्या हो तो तुरंत चिकित्सक को दिखायें एवं उन्हें बीते दिनों की यात्रा या अपने रूटीन के बारे में बताएं {यदि कोई व्यक्ति बीमार लग रहा हो और खांस या छींक रहा हो तो उससे कम से कम 2 मीटर की दूरी बनाएं। {संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद हाथों को अच्छी तरह 20 सेकंड तक साबुन एवं पानी से धोएं या सैनिटाइजर का उपयोग करें {ऐसे जानवरों के मांस सेवन करने से बचे जो बीमार थे या जिनकी मौत किसी बीमारी से हुयी हो {हाथ धोये बिना अपनी आंख, नाक और मुंह को न छुएं और किसी दूसरे व्यक्ति को भी न छुएं {5 सावधानियां रखेगी कोरोना वायरस से सुरक्षित {हाथ साफ़ रखें {चेहरे पर मास्क का ठीक तरह से इस्तेमाल करें {नियमित रूप से बुखार की जांच करें {भीड़ में जाने से बचें { गंदे हाथों से चेहरा न छुएं

हेल्पलाइन

104 नम्बर पर डायल कर अाप ले सकते हैं जानकारी

कोरोना वायरस से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 24X7 कॉल सेंटर नं. 104 को जारी किया गया है। 5 फरवरी से अब तक राज्य भर से कुल 786 कॉल कोरोना वायरस से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए किये गये हैं। इस नम्बर पर कॉल कर जानकारी ली जा सकता है।

नई तिथि बाद में

पहली से आठवीं तक की परीक्षा स्थगित की गई

डीईओ मनोज कुमार ने बताया कि पहली से आठवीं कक्षा तक की मूल्यांकन और वार्षिक परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा की तिथि बाद में जारी किया जाएगा। उन्होने बताया कि सरकारी विद्यालयों के शिक्षक इस दौरान अपने-अपने विद्यालयों में मौजूद रहेंगे। ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी सेवा ली जा सके। डीईओ ने बताया कि इंटर और मैट्रिक कॉपी जांच बंद नहीं किया जाएगा।

किशोर न्याय परिषद ने जारी एडवाइजरी

किशोर न्याय परिषद द्वारा भी पर्यवेक्षण गृह और बाल गृह में रह रहे बच्चों व कार्यरत कर्मियों के स्वास्थ्य हित में एडवाइजरी जारी की गयी है। प्रधान न्यायिक दंडाधिकारी मानवेन्द्र मिश्र ने दोनों जगहों के अधीक्षक को आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश के साथ जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। परिषद के सदस्य धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि शनिवार को पर्यवेक्षण गृह और बाल गृह में प्रोबेशन पदाधिकारी उषा कुमारी द्वारा बच्चों और कर्मियों को जागरूक किया जायेगा। इन्हें लक्षण व बचाव के तरीके बताये जायेंगे। वहीं श्री मिश्र ने बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक को पर्यवेक्षण गृह एवं बाल गृह के कर्मियों की छुट्‌टी रद्द करने के निर्देश दिये हैं।

सदर अस्पताल में बनाया गया आईसोलेशन वार्ड।

सभी शिक्षण संस्थान बंद


सरकारी और गैर सरकारी स्कूल, काॅलेज व कोचिंग बंद कर दिया गया है। साथ ही आंतरिक परीक्षा पर भी रोक लगा दी गयी है। सिनेमा हॉल, म्यूजियम भी बंद रहेगा। आंगनबाड़ी केन्द्र भी बंद रहेंगे। टीएचआर घर पर पहुंचाया जायेगा। पका भोजन के बराबर की राशि अभिभावक के खाते में जायेगी। मध्याह्न भोजन भी बंद रहेगा और इसके बराबर राशि छात्रों के खाते में जायेगी। शिक्षक और कर्मी उपस्थित रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी और कर्मी की छुट्‌टी भी रद्द कर दी गयी है। खेलकूद एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित रहेगा। डीएम योगेन्द्र सिंह ने बताया कि बिहार दिवस का कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया। टाउन हॉल, आरआईसीसी सहित अन्य सामूहिक कार्यक्रम वाले स्थलों की बुकिंग रद्द कर दी गयी है। 16 मार्च से होने वाली ग्रामसभा भी स्थगित कर दी गई। निजी धार्मिक व अन्य जुलूस व कार्यक्रम को स्थगित रखने का सुझाव दिया जा रहा है। जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल व विम्स में आइसोलेशन वार्ड में बेड को कम से कम एक मीटर की दूरी पर लगाने और बीच में पर्दा की व्यवस्था को कहा गया है।


हिलसा | एक संदिग्ध की हो रही निगरानी

हिलसा के अनुमंडलीय अस्पताल में कोरोना के संदिग्ध मरीज को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उसकी निगरानी की जा रही है। हेल्थ मैनेजर संजय कुमार आजाद ने बताया कि जमुआवां एक व्यक्ति तामिलनाडु से तीन माह पहले सासाराम आया था। कुछ दिन पहले ही वह गांव आया था। उसकी तबीयत खराब थी। किसी ने जिला को इसकी सूचना दे दी। उसे अस्पताल लाकर जांच की गई। जांच में कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया। फिर भी एहतियातन उसे आइसोलेशन वार्ड में दो-तीन दिन रख उसकी निगरानी की जाएगी। खान-पान सहित सभी सुविधाएं दी जा रही है। उन्होने किसी तरह के अफवाह से बचने की भी अपील की है।

पर्यटकों की संख्या में कमी

सिलाव | नालंदा खंडहर और म्यूजियम आने वाले पर्यटकों की संख्या में काफी कमी आयी है। शुक्रवार को मात्र 3 अमेरिकन और 150 वर्मा, 80 थाईलैंड व श्रीलंका के 30 पर्यटक पहुंचे थे। मात्र 1062 देशी पर्यटक ही पहुंचे। सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद शंकर शर्मा ने बताया कि विभाग के आदेश के अनुसार बायोमैट्रिक बंद कर दिया गया है। सेनेटाइजर, मास्क आदि की व्यवस्था की जा रही है।
खबरें और भी हैं...