- Hindi News
- National
- Nalanda News Secondary Teachers Association Teachers Encircle Dpo Establishment Office Protest
माध्यमिक शिक्षक संघ के शिक्षकों ने डीपीओ स्थापना कार्यालय का किया घेराव, दिया धरना
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने शुक्रवार को नालंदा कॉलेजिएट प्लस टू स्कूल स्थित डीपीओ स्थापना कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान डीपीओ स्थापना को तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। शिक्षकों ने कहा कि अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान विद्यालयों में पूर्ण तालाबंदी व इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य से अलग रखते हुए अनवरत रूप से 18 वें धरना जारी है। लेकिन कोई पहल नहीं की जा रही है। सरकार द्वारा की जा रही दमनात्मक कार्रवाई व वेतन भुगतान पर रोक से शिक्षकों में आक्रोश बढ़ते जा रहा है। डीपीओ को ज्ञापन सौंपने के बाद पुन: शिक्षक कार्यालय में ही धरना पर बैठ गए। जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विनायक लोहानी ने किया। उन्होंने कहा कि विभाग के द्वारा जनवरी व फरवरी माह का वेतन रोक दिया गया है। जिसके कारण शिक्षकों के परिवार के सामने आर्थिक रूप से बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। हड़ताल की अवधि में वेतन रोका जाना तकलीफदेह नहीं है, लेकिन हड़ताल से पहले 2 माह के वेतन रोकना किसी भी स्थिति में सही नहीं है। यह मानवाधिकार का उल्लंघन भी है। शिक्षकों ने कहा कि तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन डीपीओ को सौंपा गया है। जिसमें सरकार द्वारा की जा रही दमनात्मक कार्रवाई की निदा की गई तथा इसे तत्काल वापस लेने का अनुरोध किया गया। शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य नहीं करने वाले शिक्षकों को निलंबित करने की कार्रवाई को गैरकानूनी बताया। शिक्षकों ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण विद्यालयों में पठन-पाठन बंद है। गरीब बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। लेकिन सरकार मौन है। शिक्षकों ने डीइओ से आग्रह किया कि विद्यालयों में पठन-पाठन बंद होने से उत्पन्न स्थिति के बारे में राज्य सरकार को अवगत कराएं। ताकि राज्य सरकार के स्तर से कोई सार्थक पहल की जा सके। धरना को डॉ नागेंद्र कुमार,कौशल किशोर,मुकेश कुमार,प्रफुल्ल कुमार,विजय कुमार पाल,सत्यनारायण,कासिफ़,खालिद,कमलेश कुमार,गोपाल कुमार,दिवाकर प्रसाद,प्रमेन्द्र उपाध्याय,प्रेम रंजन,पूनम,स्मिता,मंजू,बबीता,सुनैना और रुचि कुमारी ने संबोधित किया।
डीपीओ स्थापना कार्यालय में धरना पर बैठे शिक्षक।