पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Nalanda News The Hotel Industry In Rajgir Suffers 20 Lakh Daily So The Government Also Suffers Loss Of Revenue

राजगीर में होटल उद्योग को रोजाना 20 लाख की चपत,तो सरकार को भी राजस्व का नुकसान

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिले में कोरोना का आर्थिक कहर बरपा है। राजगीर और नालंदा के पर्यटक स्थलों पर सन्नाटा पसर जाने से पर्यटन उद्योग को तो नुकसान हुआ ही है होटल उद्योग को भी भारी चपत लगी है। सरकार द्वारा एडवाइजरी जारी करने के दूसरे दिन राजगीर के पर्यटक स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। इको फ्रेंडली टूरिज्म स्पॉट घोड़ा कटोरा, जयप्रकाश उद्यान, वेणुवन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मुख्य गेट पर ताला लटका है। वन विभाग के डीएफओ डा. नेशामणि ने बताया कि 31 मार्च तक देशी विदेशी पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर और पाण्डु पार्क में भी ताला लटका रहा। जीएम प्रभास साह ने बताया कि सरकार के निर्देश के बाद इसे बंद किया गया है।

भाजपा का शिविर भी रद्द हुआ

राजद का प्रशिक्षण शिविर शनिवार से शुरू होने वाला था जो शुक्रवार की देर शाम रद्द कर दिया गया। भाजपा का भी 20 से 22 मार्च तक प्रशिक्षण शिविर होना था। जिसे रद्द कर दिया गया है। जीएम प्रभास साह ने बताया कि कन्वेंशन सेंटर में एलआईसी और कुर्मी महासभा का भी दो दिवसीय कार्यक्रम था जिसे रद्द कर दिया गया है। इस माह अभी तक आठ दिन की बुकिंग थी। 4 लाख 80 हजार रुपये की बुकिंग रद्द हुई है। पाण्डु पार्क में भी रोज करीब 1 लाख रुपये का टिकट कटता था। यानी 1 लाख रोज का सीधा नुकसान है।

दुकानदारों को भी नुकसान

होटल उद्योग को भारी नुकसान है। राजगीर के बड़े छोटे होटलों में विदेशी ही नहीं देशी पर्यटकों का भी टोटा पड़ गया है। होटल लगभग खाली पड़ा है। बड़े छोटे होटल मिलाकर करीब 20 लाख रुपये का प्रतिदिन नुकसान है। गार्गी गौतम रिसार्ट के प्रबंधक राकेश रंजन ने बताया कि प्रतिदिन 1 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हो रहा है। नालंदा रेसिडेंसी के प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि शनिवार को ही आस्ट्रेलिया के 20 पर्यटकों की बुकिंग रद्द हुई है। जिससे करीब 70 हजार का नुकसान हुआ है। प्रतिदिन 50 से 60 हजार का नुकसान होगा। इंडो होके होटल को भी करीब 1 से डेढ़ लाख और सिद्धार्थ होटल को 40 से 60 हजार प्रतिदिन का नुकसान बताया जा रहा है। होटल डायमंड इन, राजगीर रेसिडेंसी सहित अन्य होटलों में भी सन्नाटा पसरा है। इसके अलावा पर्यटकों से होने वाली कमाई से निर्भर रोपवे परिसर, कुंड क्षेत्र आदि जगहों के छोटे-बड़े दुकानदारों को भी नुकसान हुआ है।

संख्या में गिरावट


देसी पर्यटक भी कम आये

फरवरी माह में देशी पर्यटकों की संख्या भी कम रही। बिहार के विभिन्न जिलों से 699, जम्मू कश्मीर से 1, झारखंड से 28, पश्चिम बंगाल से 40, दिल्ली से 90, आंध्र प्रदेश से 3, उड़ीसा से 2, गुजरात से 9, उत्तर प्रदेश से 48, छत्तीसगढ़ से 2, हरियाणा 7, मध्य प्रदेश से 3, राजस्थान से 2, महाराष्ट्र से 10 देशी पर्यटक राजगीर पहुंचे हैं।

विदेश से आने वालों की स्क्रिनिंग का निर्देश

बिहारशरीफ | कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए सदर अस्पताल स्थित सभागार में सभी स्वास्थ्य अधिकारियो को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित एमओआईसी, बीएचएम एवं बीसीएम को अपने-अपने क्षेत्र में ग्रामीण स्तर पर आम लोगों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। एसीएमओ डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि कोरोना से घबराने की नहीं बल्कि इससे बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। कोरोना से अभी तक मृत्यु दर मात्र 2 प्रतिशत है। वर्तमान में कोरोना सिर्फ बाहरी लोगों में पाया गया है। स्थानीय स्तर प्रभाव बढ़े इससे पहले सतर्क रहने की जरूरत है। अभी सदर के अलावा अनुमंडल स्तर पर ही आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यदि स्थानीय स्तर पर इसका प्रभाव बढ़ना शुरू होगा तो पीएचसी स्तर पर भी बनाया जाएगा । उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि के माध्यम से लोगो के साथ बैठक कर जागरुकता फैलाने का निर्देश दिया। जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. मनोरंजन कुमार ने बताया कि फिलहाल विदेशों से आने वालों से कोरोना फैल रहा है। इसलिए ग्रामीण स्तर पर विदेश से आने वाले लोगो को चिन्हित कर जिला को सूचित करने का निर्देश दिया गया है ताकि निगरानी रखी जा सके। उनकी िस्क्रनिंग करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि कोरोना के कारण मृत्यु दर काफी कम है लेकिन सावधानी बरतनी जरूरी है। डब्लूएचओ के एसएमओ डॉ. कुमुद रंजन ने कहा कि कोरोना वायरस फैलने की सूचना पर बाजार से मास्क आउट ऑफ मार्केट हो गया है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। क्योंकि स्वस्थ लोगों को मास्क लगाने की जरूरत नहीं है। कोई भी मास्क मात्र 8 घंटे तक ही सुरक्षा दे सकता है । इसके बाद उसे नष्ट कर देना होता है।

एडवाइजरी के दूसरे दिन पसरा रहा सन्नाटा, ईको फ्रेंडली टूरिज्म स्पॉट घोड़ा कटोरा, जयप्रकाश उद्यान, वेणुवन को पूरी तरह बंद किया गया

फरवरी माह में चीन से एक भी पर्यटक का नहीं हुआ आना

फरवरी माह में चीन से एक भी पर्यटक राजगीर नहीं पहुंचा। जबकि नवम्बर में 1225, दिसम्बर में 704 और जनवरी में 660 चीनी पर्यटक राजगीर आये थे। अन्य देशों के पर्यटक भी राजगीर में कम पहुंचे हैं। पर्यटन सूचना केन्द्र द्वारा फरवरी माह के दिये गये आंकड़ों के मुताबिक भूटान के 1, यूके के 1, स्वीटजलैंड के 6, सिंगापुर के 14, मलेशिया के 24, हांगकांग के 28, थाईलैंड के 660, म्यामांर के 234, जापान के 313, कोरिया के 176, कनाडा के 10, वियतनाम के 478, इंडोनेशिनया 44, अमेरिका के 86, श्रीलंका के 80 ताईवान के 276, आस्ट्रेलिया के 77, वर्मा के 43, यूरोप से 10 और तेहरान से 2 पर्यटक आये हैं।

भीड़-भाड़ में न रहें


डॉ. श्याम नारायण प्रसाद, डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा, डॉ. सुजीत कुमार, डॉ. धमेँद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि नोवेल कोरोना वायरस को ले तरह-तरह की अफवाह फैलाई जा रही है। जिससे परहेज की दरकार है। कोरोना से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। वायरस से संक्रमित मरीजों से मिलने में एहतियात की जरूरत है। मांसाहारी भोजन से वायरल का संक्रमण बढ़ने और शराब सेवन से इसके दूर होने की चर्चा कोरी अफवाह है। मरीज 15-20 दिनों तक भीड़-भाड़ वाले इलाके में न जाएं। कोरोना एक इन्फ्लूएंजा की तरह सामान्य बीमारी है, जो तरह ठीक हो सकती है। रोटरी के सचिव रविचन्द कुमार ने कहा कि क्लब द्वारा होर्डिंग-बैनर लगाकर लोगों को जागरुक किया जा रहा है। इस मौके पर भरत भूषण सिंह समेत क्लब के अन्य सदस्य मौजूद थे।


रोटरी क्लब की मुहिम


मांस से बढ़ने और शराब से कम होने की चर्चा अफवाह

नोवेल कोरोना वायरस के दहशत में जिलेवासी आ चुके हैं। सरकार ने वायरस के संक्रमण से बचने के लिए एहतियातन कई आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। वायरस को ले अफवाहों का बाजार भी गर्म है। जिसके मद्देनजर रोटरी क्लब नागरिकों को जागरुक करने की मुहिम में जुट गया है। रोटरी के तत्वाधान में शुक्रवार को डॉक्टर कॉलनी में चिकित्सकों ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर नोवेल कोरोना वायरस के संबंध में आवश्यक जानकारी और संक्रमण से बचाव के टिप्स दिए।

माॅल में भी काफी कम संख्या में पहुंचे लोग

शनिवार को बिहारशरीफ के पार्क, सिनेमा घर, शिक्षण संस्थानों में ताला लटका रहा। मॉल में भी काफी कम ग्राहक दिखे। हालांकि वी-2 मॉल के प्रबंधक मो. फैयाज आलम ने कहा कि खराब मौसम के कारण भी शनिवार को काफी कम लोग पहुंचे हैं। विगत दो-तीन दिनों से ग्राहकों की संख्या में कमी आयी है। शुक्रवार की शाम सरकार द्वारा एडवाइजरी जारी करने के बाद 50 से 60 प्रतिशत आय प्रभावित हुई है। पार्क बंद होने से भी प्रतिदिन 5 से 8 हजार का नुकसान बताया जा रहा है। सिनेमा घरों को भी नुकसान है। हालांकि संचालक नुकसान बताने से परहेज कर रहे हैं। कोचिंग स्कूल बंद होने के कारण सड़क पर सन्नाटा की स्थिति बनी रही। बिग बाजार मॉल में भी काफी कम भीड़ दिखी। हालांकि सावधानी के तौर पर वहां सभी कर्मचारियों को मास्क दिया गया है। आने वाले ग्राहकों के लिए इंट्री गेट पर ही सेनेटाइजर की व्यवस्था की गयी है। प्रबंधक ने बताया कि कोरोना वायरस के खतरे के कारण नुकसान तो हुआ है लेकिन सरकार द्वारा जारी आदेश जनहित में है।

कोरोना वायरस को लेकर सदर अस्पताल की तैयारी का जायजा लेते अनुमंडल पदाधिकारी

डिम्ड विश्वविद्यालय नव नालंदा महाविहार द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गयी है। 31 मार्च तक सभी कक्षाएं स्थगित कर दी गयी है। हॉस्टल में रह रहे विद्यार्थियों को विशेष परिस्थिति में ही प्रशासनिक अनुमति लेकर बाहर जाने को कहा गया है। एक जगह एकत्र नहीं होने की सलाह दी गयी है। बाहर से यात्रा कर लौटे विद्यार्थी को बिना प्रशासनिक अनुमति और स्वास्थ्य परीक्षण के छात्रावास में प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है। कर्मियों को भी एक साथ एकत्रित नहीं होने की सलाह दी गयी है। हालांकि आवश्यक सेवाएं जारी रहेगी। 31 मार्च तक के लिए ह्वेनसांग स्मारक परिसर भी बंद कर दिया गया है। 31 मार्च तक देशी विदेशी पर्यटक और तीर्थ यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है।


राजगीर के झूला के पास पसरा सन्नाटा।

नव नालंदा महाविहार | एक जगह एकत्र नहीं होने की सलाह

अस्पताल में कोरोना को लेकर बैठक करते स्वास्थ पदाधिकारी

कैदियों को दी सलाह

मंडल कारा बिहारशरीफ में भी कोरोना के खतरे को देखते हुए जरूरी होने पर ही परिजनों से मिलने की सलाह दी गयी है। जेल अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मुलाकातियों से मिलने पर रोक नहीं है लेकिन सावधानी बरतते हुए यह सलाह दी गयी है।

एसडीओ ने किया निरीक्षण

एसडीओ जनार्दन प्रसाद अग्रवाल एवं सीओ अरूण कुमार सिंह ने शनिवार को कोरोना वायरस को लेकर तैयार आईसोलेशन वार्ड में का निरीक्षण किया।

यूरोपियन पर्यटक एक भी नहीं आए

शनिवार को नालंदा खंडहर और म्यूजियम घूमने यूरोपियन देश के एक भी पर्यटक नहीं पहुंचे। सिर्फ वर्मा के 100, श्रीलंका 150 और थाईलैंड के 100 पर्यटक पहुंचे थे।

दवा दुकान में मास्क और सेनेटाइजर की हो रही कालाबाजारी को लेकर छापेमारी करते एसडीओ और डीएसपी।

कोरोना का आर्थिक कहर

दवा दुकानों में छापेमारी

मास्क और सेनेटाइजर की कालाबाजारी न हो इसके लिए एसडीओ और डीएसपी ने दवा दुकानों में छापेमारी की। एसडीओ ने बताया कि कहीं भी गलत तरीके से जमा किया गया स्टॉक नहीं मिला। सभी दुकानों में सेनेटाइजर का प्रतिदिन उपलब्ध स्टॉक और कीमत डिस्पले करने का निर्देश दिया गया है। डीएम योगेन्द्र सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सेनेटाइजर एवं मास्क को एसेंशियल कमोडिटी एक्ट के तहत एसेंशियल कमोडिटी घोषित किया गया है। जिसे देखते हुए सभी पदाधिकारियों को दवा दुकानों का लगातार औचक जांच एवं अवैध स्टॉक करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
खबरें और भी हैं...