- Hindi News
- National
- Bihar Sharif News Troubles Are Being Caused Due To Link Failure In Registry Office Work Being Affected
रजिस्ट्री ऑफिस में लिंक फेल से लोगों को हो रही परेशानी, प्रभावित हो रहा काम
निबंधन कार्यालय में सर्वर स्लो और लिंक फेल रहने के कारण विगत कई दिनों से जमीन की रजिस्ट्री का काम प्रभावित हो रहा है। सैकड़ों की संख्या में लोग जमीन की खरीद-बिक्री करने निबंधन कार्यालय पहुंचते हैं लेकिन सर्वर डाउन और लिंक फेल रहने के कारण देर शाम तक इंतजार कर काम कराये बिना लौटने को विवश हैं। कातिब संघ के अध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि शनिवार और सोमवार को लिंक फेल रहने के जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय में कुल 110 दस्तावेज जमा किए गए थे। जिनकी रजिस्ट्री होनी थी। लिंक फेल रहने के कारण एक भी दस्तावेज का निबंधन नहीं हो सका। रजिस्ट्री कराने आए लोग दिन भर लिंक का इंतजार करते रहे लेकिन, देर शाम तक लिंक नहीं आया। नतीजतन, दूर-दराज से आए लोगों को दिनभर हलकान होना पड़ा। अंत में निराश होकर बैरंग घर लौट गये। उन्होने बताया कि यह समस्या रजिस्ट्री कार्यालय में बराबर रहती है। उन्होने बताया कि होली के बाद गुरुवार को कार्यालय खुलने के बाद से ही लिंक फेल रहने के कारण पहले दो घंटे कार्य बाधित रहा। जिला अवर निबंधक पदाधिकारी पंकज कुमार झा ने बताया कि लिंक फेल रहने के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों की अपेक्षा कार्य की गति धीमी रही। मैकेनिक को बुलाकर लिंक को ठीक करवा दिया गया है। जो लोग रजिस्ट्री कराने आए थे उनका रजिस्ट्री हो गया।
निजी नेटवर्क से होता है काम
निबंधन कार्यालय में एयरटेल के नेटवर्क से सारे ऑनलाइन कार्य निपटाए जाते हैं। मगर बीते कई दिनों से कार्यालय के पास के टावर का डिवाइस में खराबी रहने के कारण लिंक फेल होने से सारा कामकाज ठप हो जा रहा है। एयरटेल कम्पनी द्वारा बीटीएस को नवादा में लगाया है।अधिकारी ने बताया कि पहले बीएसएनएल द्वारा अच्छी सेवा दी जा रही थी। मगर विभाग द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्री को लेकर एयरटेल कम्पनी के साथ टैग कर दिया गया। बताते चलें कि 2016 से ही निबंधन कार्यालय को लिंक से जोड़ दिया गया है और सारे कामकाज ऑनलाइन होते हैं।
1000 लोगों का आवागमन
निबंधन कार्यालय में प्रतिदिन करीब एक हजार लोगों का आना-जाना होता है। ज्यादातर लोग जमीन खरीद- बिक्री के लिए पहुंचते हैं। प्रतिदिन यहां 70 से 80 जमीन की रजिस्ट्री होती है। कागजात तैयार कराने के लिए भी लोग यहां आते हैं।
80 करोड़ का सालाना राजस्व
निबंधन कार्यालय बिहारशरीफ में प्रतिदिन करीब 3.20 लाख रूपये राजस्व आता है। साल में 250 दिन यहां जमीन की खरीद- बिक्री होती है। अगर प्रतिदिन के प्राप्त राजस्व को सलाना के हिसाब से देखा जाये तो करीब 80 करोड़ रूपये सरकार को राजस्व मिल रहा है। यहां 110 कातिब पंजीकृत हैं। हालांकि कुछेक कातिब का निबंधन समय अनुसार नवीकृत नहीं हो सका है। समय- समय पर इसकी सूचना कार्यालय के सूचना बोर्ड पर चिपकायी जाती है। बता दें कि इसमें दर्जनों ऐसे कातिब भी हैं जो स्टांप वेंडर का भी काम कर रहे हैं।
रजिस्ट्री कार्यालय में लिंक फेल रहने से आराम से बैठे लोग।