जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में मारपीट, आधा दर्जन जख्मी
जमीन विवाद को लेकर बुधवार को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी की घटना हिलसा थाना क्षेत्र के ढिवरापर गांव के नवल बगीचा में घटी है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ढिवरापर गांव में जमीन विवाद को लेकर पूर्व से विवाद चला आ रहा था। बुधवार को नवल बगीचा खंधे में सुरेश प्रसाद यादव परिजनों के साथ खेत में लगा सरसों काट रहे थे। इसी दौरान जलेश्वर प्रसाद यादव सरसों काटने से मना किया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गयी। मारपीट में सुरेश प्रसाद यादव, राजदेव प्रसाद यादव, विजय प्रसाद यादव, विपिन प्रसाद यादव, दूसरा गुट के जलेसर प्रसाद यादव, ललन प्रसाद यादव बुरी तरह से जख्मी हो गया। सभी जख्मी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी की गयी। गोलीबारी की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि गोलीबारी की पुष्टि अधिकारिक तौर पर नहीं की गयी है। घटना का खबर मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। इस संबंध में दोनों ओर से प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है। जख्मी सुरेश प्रसाद और राजदेव प्रसाद की स्थिति गंभीर रहने के कारण पटना रेफर कर दिया गया।