गोसैसीडिहरा में मारपीट व फायरिंग, छह जख्मी
स्थानीय धनसोई थाना क्षेत्र के गोईसैसीडेरा गांव में बुधवार की शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इस दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से पांच राउंड गोली भी चलाई गई। हालांकि इस दौरान कोई हताहत नही हुआ है। इस मामले में पीड़ित पक्ष के जनार्दन चौधरी एवं हरेंद्र चौधरी द्वारा धनसोई पुलिस को आवेदन देकर दो दर्जन लोगों के खिलाफ अलग अलग नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस को दिए आवेदन में जनार्दन चौधरी ने लिखा है कि वे शाम के समय अपने परिवार के साथ घर पर बैठे थे। इसी दौरान रविंद्र सिंह, राकेश सिंह, राजेश सिंह उर्फ धुरान, ब्रजेश सिंह उर्फ किरान चारों पिता हरिनरायण सिंह अन्य लोगों के साथ मेरे घर पर अचानक हमला कर मारपीट करने लगे तथा दहशत फैलाने के उद्देश्य हवाई फायरिंग करने लगे। मामले को अभी समझ पाते तभी बीच-बचाव करने आए अवधेश चौधरी, जनार्दन चौधरी, सिकंदर चौधरी, हरेंद्र चौधरी, रामएकबाल चौधरी जख्मी हो गए। इस मामले में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष बिगाऊ राम ने बताया कि घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस एवं दो खोखा बरामद किया गया है। हवाई फायरिंग एवं मारपीट के मामले में हरेंद्र चौधरी एवं जनार्दन चौधरी से आवेदन प्राप्त हुआ है। जो भी दोषी होंगे बख्से नही जाएंगे।