- Hindi News
- National
- Buxar News Llb Students Should Also Be Dedicated To The Nation From A Human Point Of View District Judge
एलएलबी के विद्यार्थी मानवीय दृष्टिकोण से भी राष्ट्र के प्रति रहें समर्पित : जिला जज
जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय में शनिवार को अंतिम सत्र के छात्र-छात्राआंे की विदाई समारोह आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के संस्थापक अध्यक्ष सह प्राचार्य गणपति मंडल व संचालन रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने की। इस अवसर पर जिला व सत्र न्यायाधीश हरींद्र नाथ ने कहा कि लॉ के विद्यार्थियों को मानवीय दृष्टिकोण से समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पित रहना चाहिए। क्योंकि जब किसी को कहीं से न्याय नहीं मिलता दिखता है। तब वह कोर्ट की शरण में आता है। यदि पीड़ित को ससमय न्याय नहीं मिलेगा। तब वह कहां जाएगा। इसलिए वकील का यह धर्म होता है कि वह अपने मुवक्किल का जल्द से जल्द न्याय दिलाये। वहीं छात्र-छात्राआंे को संबोधित करते हुए अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वकालत के पेशे में सदैव अध्ययन करना होता है। जिस कारण हर बार नई जानकारी मिलती है।
पेशे में आगे बढ़ने का मूल मंत्र अध्ययन
इसलिए इस पेशे में आगे बढ़ने के लिए मूल मंत्र है इसका अधिक से अधिक अध्ययन करना है। ज्ञान प्राप्त करना है। इस अवसर पर अंतिम सत्र के पचास छात्र-छात्राओं को कॉलेज की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव धर्मेंद्र तिवारी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी रंजन कुमार सिंह, सरकारी वकील प्रभुनाथ सिंह, अपर लोक अभियोजक जय राम सिंह, अखिलेश मंडल, निर्मल कुमार मिश्रा, डॉ. पुष्पा सिंह, भृगुनाथ सिंह, राजेश कुमार, देवेंद्र कुमार, हरिशंकर प्रसाद, मनोज ठाकुर, उपेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह, राकेश कुमार, राघवेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, मदन कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
किसी भी केस का करें पूरा अध्ययन
जब भी किसी के पास कोई केस आये। तब उसका पूरा अध्ययन करना चाहिए। इसके लिए अधिक से अधिक किताबों से जानकारी जुटानी चाहिए। तभी कोर्ट में अपने मुवक्किल का पक्ष मजबूती से रख पायेंगे। जब आप पूरी तैयारी के साथ कोर्ट में नहीं जाते है। तभी आप कोर्ट से आगे की तारीख मांगते है। जिस कारण कोर्ट व मुवक्किल दोनों का समय बर्बाद होता हैं। वहीं जब पूरी तैयारी में रहते है। तब आप जल्द से जल्द न्याय दिलाने में मदद करते है। वहीं महाविद्यालय के सचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून एक ऐसा विषय है जिसका कोई अंत नहीं है। जितना आप इसका अध्ययन करते है। उसकी गहराई और बढ़ती जाती है।
लॉ के छात्रों को प्रमाणपत्र व मोमेंटो देते जिला जज।
विदाई समारोह में मंचासीन जिला जज व अन्य
अतिथियों के साथ छात्र छात्राएं।