जिले में कोरोना वायरस का फिलहाल नहीं है खतरा
मुख्य सचिव बिहार के निर्देश पर जिले में जिला समन्वय समिति व टास्क फोर्स का गठन किया गया। डीएम अमन समीर ने कोरोना वायरस से बचाव के साथ-साथ लोगों ने जागरूकता फैलाने के लिए इनका गठन किया है। टास्क फोर्स के सदस्यों के रूप में एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा, डीडीसी अरविंद कुमार, सिविल सर्जन डॉ. उषा किरण वर्मा, आईसीडीएस के डीपीओ शशिकांत पासवान, जिला पंचायती राज पदाधिकारी नवनील कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विजय कुमार झा, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार कृष्ण, जिला सूचना जन संपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार तथा नगर परिषद के ईओ सुजीत कुमार को नामित किया गया है। जिला टास्क फोर्स का सचिव सिविल सर्जन को बनाया गया है। शुक्रवार को नवगठित जिला टास्क फोर्स की बैठक डीएम की अध्यक्षता में हुई। डीएम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिला स्तरीय समन्वय समिति कोरोना वायरस के फैलाव के स्थिति का आकलन करेगी एवं बचाव हेतु अपना सुझाव/एडवाइजरी जारी करने के साथ आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि बक्सर जिला में स्थिति सामान्य है। डीएम ने डीडीसी को निर्देश देते हुए कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बीडीओ के माध्यम से जागरूक करें।
सेविका व सहायिकाओं को प्रशिक्षित करेंगी एएनएम एवं आशा : डीएम ने सिविल सर्जन से कहा कि एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं को पूर्णतः प्रशिक्षित किया जाए। जिला पंचायती राज पदाधिकारी पंचायत स्तर पर ग्राम सभा का आयोजन कराकर इस संबंध में आम जनों को जागरूक किया जाए। साथ ही, आईसीडीएस के डीपीओ आंगनबाड़ी केन्द्रों पर प्रशिक्षण का आयोजित कराएंगे। जिसमें एएनएम एवं आशा के माध्यम से सेविका एवं सहायिकाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। उसके बाद सेविका एवं सहायिकाएं टोलों-मोहल्लों में आम जनों को जागरूक करेंगी।
कोरेना वायरस को लेकर बैठक करते डीएम।
हाल में विदेश से लौटे लोगों की होगी निगरानी : बैठक में डीएम ने जिला अस्पताल से लेकर प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैयारी रखने को कहा। साथ ही, नगर परिषद के ईओ को साफ-सफाई विशेष रूप से कराने का निर्देश दिया। बैठक में सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि सुरक्षा ही बचाव है। हाथों को नियमित अंतराल पर साबुन से धोने को प्रमुखता दी जाए। सर्दी व जुकाम के मरीज छींकते समय नाकों को रूमाल अथवा तौलिया का इस्तेमाल अवश्य करें। हाल में विदेश भ्रमण कर जिले में लौटे पर विशेष निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया गया। उनके बारे में पूर्ण विवरणी निकटतक स्वास्थ्य केन्द्र पर अवश्य रहनी चाहिए।