- Hindi News
- National
- Buxar News Thieves Break Lock Of House Property Worth Thousands Victim Imposed On Nephew
चोरों ने घर का ताला तोड़ उड़ाई हजारों की संपत्ति, पीड़ित ने भतीजे पर लगाया अारोप
मॉडल थाना क्षेत्र के गजाधरगंज में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर हजारों की संपत्ति उड़ा ली। घटना की जानकारी पीड़ित को तब हुई, जब वह दिल्ली से सपरिवार वापस लौटा। मामले में पीड़ित ने अपने भतीजे पर ही चोरी का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए गए आवेदन में पीड़ित गुप्तेश्वर प्रसाद ने बताया कि वह गजाधरगंज निवासी हैं। वह दुर्गापूजा के बाद दिल्ली नौकरी करने के लिए गए थे। उनके साथ उनका पूरा परिवार भी गया हुआ था।
आभूषण के साथ कीमती सामान भी चोरी
होली की छुट्टी के बाद वह वापस बक्सर लौटे। आने के बाद उन्होंने देखा कि उनके घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। ताला टूटा देखा उन्हें कुछ संदिग्ध लगा। वह बाहर ही सामान छोड़कर घर में छानबीन करने घुसे। अंदर का माहौल देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि घर में रखे अलमारी व अटैची का भी ताला टूटा हुआ है। जिसमें रखे हुए सोने व चांदी के आभूषण के अलावा कीमती कपड़े व टीवी भी गायब है। छानबीन करने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ित ने बताया कि दिल्ली से आने के बारे में उनके भतीजे पुर्णवासी प्रसाद को ही जानकारी थी। ऐसे में उन्होंने संदेह जताया कि उसने चोरों के साथ मिल कर घटना को अंजाम दिया होगा। ताकि उनके आने से पूर्व वारदात को अंजाम दिया जा सके।