1100 बिजली बकाएदारों का कनेक्शन काटा, कार्रवाई जारी
छपरा|28 दिनों के अंदर बिजली विभाग ने 1101 बकाएदारों के घरों की बिजली गुल कर दी है। बिजली कनेक्शन कटने के बाद चोरी से जलाने का प्रयास किया तो 18 लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा दी गयी है। बिजली कंपनी के इस कड़े रूख के बाद छपरा शहर समेत पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। अधीक्षण अभियंता विवेकानंद और कार्यपालक अभियंता मनीष शाक्या ने उपभोक्ताओं को दो दिन के अंदर बकाया चुकता करने को कहा है जिससे डिस्कनेक्शन की कार्रवाई से बच सके। अधिकारियों की माने तो अब बिजली बिल नहीं मिलने का बहाना नहीं चलेगा। हर गांव व टोले में ऑन द स्पॉट बिलिंग के लिए कर्मियों की तैनाती कर दी गयी है। इसी का फल है कि 226571 उपभोक्ताओं की ऑन स्पॉट बिलिंग हो चुकी है। साथ ही 95309 उपभोक्ताओं के लिए बिल भी निकल चुका है।