छपरा के अभिषेक का आईआईटी दिल्ली में शोध के लिए हुआ चयन
शिक्षा के क्षेत्र में जिले को एक और उपलब्धि हासिल हुई है। खैरा गांव निवासी राकेश उपाध्याय के पुत्र अभिषेक गौतम का आईआईटी दिल्ली से सीधे पोस्ट ग्रेजुएशन और पीएचडी करने के लिए सेलेक्शन हुआ है। अभिषेक फिलहाल एनआईटी अगरतला में इंजीनियरिंग थर्ड ईयर के छात्र हैं। सेमेस्टर परीक्षा में मिले मार्क्स के आधार पर तीस छात्रों का डायरेक्ट पीएचडी के लिए सेलेक्शन हुआ है और छपरा के अभिषेक गौतम इनमें से एक है।
सीपीएस छपरा से इंटर तक की पढ़ाई करने वाले अभिषेक गौतम शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर घरवालों के साथ-साथ, सगे-संबंधियों और गांव के लोगों ने खुशी जताई है। अभिषेक के चाचा अभय उपाध्याय को भतीजे की इस उपलब्धि पर काफी गर्व है। इस कोर्स के करने के बाद इन छात्रों की नियुक्ति असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हो सकती है।