- Hindi News
- National
- Chhapra News Chirag Paswan Said Bihar First Is The Goal Of Creating The Number One State In The Country
चिराग पासवान ने कहा-देश में नंबर वन राज्य बनाना ही बिहार फर्स्ट का लक्ष्य है
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चिराग पासवान रविवार को छपरा में थे। बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट मुहिम के क्रम में पासवान यहां पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार को देश में नंबर वन राज्य बनाना ही बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट मुहिम का लक्ष्य है। वे कार्यकर्ताओं तथा समाज के हर तबके के लोगों से मिलकर उनके सुझाव व विचार ले रहे हैं। जिस पर काम कर बिहार को आगे ले जाया जाए। युवाओं व छात्र-छात्राओं के साथ किसानों, वंचितों तथा बुद्धिजीवी वर्ग से वे सुझाव मांग रहे हैं। उसी के अनुरूप वे 14 अप्रैल को पटना में होने वाली बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट रैली में लोजपा का घोषणा पत्र जारी करेंगे। जिस पर पार्टी अमल कर आगे बढ़ेगी। चुनावी घोषणा पत्र चुनाव नजदीक आने पर जारी होगा। उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल को अपना घोषणा पत्र जारी करना चाहिए, ताकि चुनाव उसी पर हो। मौके पर राजू तिवारी, अशरफ अंसारी, केशव सिंह, जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, सौरभ पांडेय, सप्तऋषि पांडेय, अरविंद पासवान, पूर्णेंदु सिंह, धीरज सिंह, कौशल सिंह, हेमंत सिंह, सुनैना शर्मा आदि थे।
हर दल जारी करे घोषणा पत्र
चिराग पासवान ने कहा कि हर राजनीतिक दल को अपना घोषणा पत्र जारी करना चाहिए और घोषणा पत्र में शामिल मुद्दे पर चुनाव होना चाहिए। अभी तक यह देखा जा रहा है कि चुनाव के समय हिंदू-मुस्लिम, अगड़ा-पिछड़ा और जातिवाद के मुद्दे हावी हो जा रहे हैं। जिससे असल मुद्दे गौण पड़ते हैं। बिहार को विकसित बनाने के लिए एक विजन बनाना होगा।
सभी 243 सीटों पर लोजपा कर रही तैयारी
चिराग पासवान ने कहा कि बिहार के सभी 243 सीटों पर लोजपा संगठन मजबूत व धारदार बनाने पर कार्य कर रही है। इसका मतलब ये कतई नहीं कि इन सभी सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी। सीट बंटवारा में जो सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलेगी उसके साथ सभी 243 सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत तय करने के लिए लोजपा मजबूती से कार्य करेगा।
नीतीश के नेतृत्व में ही एनडीए लड़ेगा विस चुनाव
मुख्यमंत्री का भावी चेहरा के सवाल पर उन्होंने कहा कि कमियों को उजागर करना गलत नहीं होता है। वे समय-समय पर जनता के बीच से मिल रहे मुद्दों को उठाने की कोशिश करते हैं लेकिन कभी-कभी इसका दूसरे संदर्भ में भी अर्थ निकाला जाने लगता है। इस साल होने वाले बिहार विधानसभा के चुनाव में नीतीश कुमार ही एनडीए के मुख्यमंत्री उम्मीदवार होंगे।
बिहार फर्स्ट-बिहार फर्स्ट में शामिल होने का दिया न्यौता
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 14 अप्रैल को पटना में आहूत बिहार फर्स्ट-बिहार फर्स्ट कार्यक्रम में शामिल होने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि यह मुहिम बिहार के लिए है। जो पूरी तरह बिहारियों को समर्पित है। यह कोई सामान्य मुहिम नहीं, बल्कि बिहार की तस्वीर व तकदीर बदलने की शुरुआत है। जिसमें हर बिहारी को कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहिए। ताकि आने वाले समय में बिहार देश के विकसित राज्यों की कतार में शामिल हो सके।
सभा को संबोधित करते चिराग पासवान
शैलेंद्र प्रताप ने चिराग को मास्क पहना जागरुकता अभियान से जोड़ा
छपरा| जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को जमुई के लोकसभा सांसद व लोकजनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को रेस्पिरेटरी मास्क पहना कर जागरुकता अभियान से जोड़ा। इस संबंध में शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वैश्विक बदहाली का एक और खतरा कोरोना वायरस के रूप में आज पूरे विश्व के सामने है। कल तक चीन, जापान सहित दूसरे देशों में ही इस महामारी का प्रकोप था, आज यह भारत की जद तक पहुंच चुका है, रोज नए मामले भी मिल रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि देश की जनता जागरूक हो। चिराग पासवान बिहार के युवा नेता हैं और आधुनिक विचारों के साथ संवेदनशील भी हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने जागरुकता के साथ बचाव के उपाय किए हैं और उसी का फल है कि बिहार में अभी तक कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला है। शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अभी तक पॉजिटिव केस नहीं मिला, लेकिन असावधानी हुई तो खतरा बढ़ सकता है। शाकाहार व भीड़ वाली जगहों पर अनावश्यक जाने से बचें।
14 अप्रैल को लोजपा जारी करेगा पार्टी का घोषणा पत्र, वहीं हाेगा मुद्दा