मकेर में चार वर्षीय बच्ची से युवक ने किया दुष्कर्म
जिले के मकेर थाना क्षेत्र में चार वर्षीय एक बच्ची से मंगलवार की देर शाम को एक युवक ने दुष्कर्म किया। सूचना पर पुलिस ने आरोपित को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़ित बच्ची तथा आरोपित युवक का सदर अस्पताल में बुधवार को मेडिकल जांच कराया। पीड़ित बच्ची के परिजनों ने बताया कि वह अपने दरवाजे पर खेल रही थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया और दुष्कर्म किया। पीड़ित बच्ची रोते हुए घर पहुंची और मां को आपबीती सुनाई। परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना रात 10 बजे दी। सदर अस्पताल में पीड़ित बच्ची का मेडिकल जांच महिला चिकित्सकों के द्वारा किया गया, जबकि आरोपित की भी जांच के लिए नमूने लिए गए, जिसे फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। इस मामले में पीड़ित बच्ची की मां के बयान पर मकेर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित बच्ची का भी बयान न्यायालय में अगले दिन बयान दर्ज कराया जाएगा तथा आरोपी को सजा दिलाने तथा पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। इसके लिए जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दिया जायेगा। फिलहाल मेडिकल जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिला है।