सारण को आपदाग्रस्त घोषित करे सरकार
सरकार सारण जिले को आपदा ग्रस्त घोषित करें और किसानों को फसल क्षति की मुआवजा का भुगतान करें। नहीं तो इसके खिलाफ किसान आंदोलन करने को बाध्य होंगे। यह बातें मढ़ौरा के राजद विधायक जितेंद्र कुमार राय ने शनिवार को पत्रकारों से कही। जनवरी से लेकर 14 मार्च तक जिले में भारी वर्षा एवं वज्रपात के कारण हजारों हेक्टेयर में लगी फसल बर्बाद हो चुकी है। गेहूं, मक्का, तेलहन, आलू की खेती करने वाले किसानों की प्राकृतिक आपदा ने कमर तोड़ कर रख दी है। आम के मंजर नष्ट हो चुके हैं और इसका उत्पादन लक्ष्य के अनुरूप नहीं हो सकेगा, लेकिन कृषि विभाग की लापरवाही के कारण राज्य सरकार ने इस जिले को फसल क्षति की श्रेणी में नहीं रखा है। विधायक श्री राय ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें देखने को मिला है कि मढ़ौरा तथा नगरा प्रखंड के सभी पंचायतों के अलावा जिले के सभी प्रखंडों की स्थिति एक जैसी है। खेतों में लहलहाती फसल नष्ट हो चुकी है। किसान हताश एवं परेशान है, लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रही है, जिसके कारण किसानों को फसल मुआवजा से वंचित होना पड़ रहा है । यह जिला कृषि पर आधारित है, लेकिन कृषि विभाग की योजनाएं धरातल पर अपेक्षा के अनुरूप खड़ी नहीं उतर रही हैं। किसानों के हित में जिला प्रशासन सचेत नहीं है। जिले में पहले से ही प्रधानमंत्री फसल सहायता योजना का लाभ मढ़ौरा प्रखंड के मात्र सात पंचायतों को ही मिल रहा है।