- Hindi News
- National
- Chhapra News Modern Jetties To Be Constructed With Ghats On Ganga And Gandak
गंगा व गंडक पर घाटों के साथ आधुनिक जेटी का होगा निर्माण
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन के मानचित्र पर सारण को लाने के लिए एक कदम बढ़ाया गया है। शीघ्र ही गंगा और गंडक नदी पर सुंदर घाटों के साथ पर्यटकों के नौकायान के लिए छोटे और बड़े आधुनिक सुविधायुक्त जेटी का निर्माण किया जायेगा। कोलकाता से हल्दिया होते हुए नेपाल तक जाने वाले जलमार्ग का केंद्र होगा सारण। इसके लिए स्थानीय सांसद सह भारतीय जना पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने शुक्रवार को केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री मनसुख एल मांडविया से दिल्ली के ट्रांसपोर्ट भवन स्थित उनके कार्यालय में बैठक की। बैठक के दौरान पटना से सोनपुर होते हुए वैशाली तक पर्यटकों के लिए मोटर बोट और छोटे जहाज चलाने पर सहमति बनी। सारण में गंगा के तट पर लोकनायक की भूमि सिताब दियारा में भी सुंदर घाट के अलावा छोटी नावों, मोटरबोट और छोटे जहाजों के लिए जेटी का भी निर्माण किया जायेगा। यहां का प्राकृतिक दृश्य भी बड़ा मनोरम है। इसे और विकसित किया जायेगा जहां से पर्यटक स्थानीय रूप से नौकायन का भी आनंद लेंगे।
शीघ्र ही कल्लू घाट का निर्माण कार्य शुरू होगा
श्री रूडी ने बताया कि परियोजना के पूरा होने पर पटना से सोनपुर होते हुए वैशाली तक पर्यटक जलमार्ग से यात्रा का आनंद ले सकेंगे और यहां की प्राचीन सभ्यता और संस्कृति से अवगत हो सकेंगे। इसके लिए इन जलमार्ग पर जेटी का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इसके साथ शीघ्र ही कल्लू घाट का निर्माण कार्य शुरू होगा। केंद्रीय मंत्री श्री मांडवीय के साथ श्री रूडी की बैठक के दौरान सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
गंगा और गंडक नदी पर नये सुंदर घाटों के साथ आधुनिक जेटी का होगा निर्माण
धार्मिक भूमि के रूप में सारण क्षेत्र विश्व में प्रसिद्ध है: रूडी
रूडी ने बताया कि भारत की ऐतिहासिक और धार्मिक भूमि के रूप में सारण क्षेत्र विश्व में प्रसिद्ध है। भारतीय प्राचीन ग्रंथों में भी इसकी चर्चा है। इसके बावजूद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन मानचित्र में यह नहीं दिखता है। इसे पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कई कार्य किये गये है जिसके तहत सोनपुर में सुन्दर घाटों का निर्माण किया जा रहा है। अब इसके साथ ही आधुनिक सुविधायुक्त जेटी का भी निर्माण किया जायेगा। विदित हो कि सोनपुर में ही वर्ष में एक बार विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का आयोजन होता है जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटकों का आगमन होता है। पर्यटन स्थल के रूप में इसके विकास के लिए स्थानीय सांसद श्री रूडी ने आरंभिक काल से ही प्रयास किया। जिसके फलस्वरूप कई परिवर्तन हुए और राज्य सरकार और केंद्र स्तर पर कई विकास के कार्य किये गये। इसके उपरांत भी यहां देशी विदेशी पर्यटकों के लिए विशेष सुविधा का अभाव है। इसके मद्देनजर स्थानीय सांसद ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से बैठक की और उन्हें जानकारी दी। रूडी के प्रयास से सारण को इस परियोजना की सौगात मिली।
सांसद ने कहा- सारण को पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर मिलेगी पहचान