- Hindi News
- National
- Chhapra News The Name Plate Of The Education Minister Hanging Around The Animal39s Neck Rotated In The City Demonstrating
पशु के गले में शिक्षामंत्री का नेम प्लेट लटका शहर में घुमाया, प्रदर्शन
प्रारंभिक शिक्षकों ने अपने आंदोलन के 27वें दिन राज्य के शिक्षा मंत्री का जबर्दस्त मखौल उड़ाया। आंदोलनकारी शिक्षकों ने गधे को शिक्षा मंत्री का नेम प्लेट पहनाकर पूरे शहर में घुमाया। साथ ही कहा कि शिक्षा मंत्री की वजह से ही शिक्षकों को वेतनमान नहीं मिल रहा है। शिक्षकों का यह कार्यक्रम राहगीरों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना था, जो भी रास्ते से गुजर रहा था, वह एक नजर जरूर इस प्रदर्शन जुलूस को देख रहा था।
गधे की जान पर बन आयी थी
कई राहगीरों ने कहा कि आज तो गधे की जान पर बन आयी है। दरअसल शिक्षक अपने प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री का नेम प्लेट पहनाए गदहे को एक चौक से दूसरे चौक तक घूमा रहे थे। इतना ही नहीं कई तो गधे को जबर्दस्ती खींच रहे थे, ऐसे में राहगीरों की ओर से आह और वाह दोनों सुनने को मिल रहे थे। सबसे बड़ी बात यह थी कि बारिश के बावजूद शिक्षकों की भारी भीड़ धरना स्थल व कार्यक्रम में थी।
कोरोना का भी शिक्षकों काे भय नहीं है
आंदोलनकारी शिक्षकों में कोरोना का कोई भय नहीं दिख रहा है। वे रोज की तरह सैकड़ों व हजारों की शिक्षकों के भीड़ के बीच धरना और प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। जबकि जहां भीड़ भाड़ रहती है वहां यह फैलने की संभावना ज्यादा है। यही कारण है कि स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी केन्द्र समेत सिनेमा हॉल तक बंद कर दिए गए हैं। पर शिक्षकों का कहना है कि सरकार ने एक तीर से दो निशाना साधा है। शिक्षकों के हड़ताल को कमजोर करने के लिए करोना का सहारा लिया है। मालूम हो कि एक दिन पहले शिक्षकों ने भैंस के आगे बिन बजावे कहावत के तहत भैंस को लाया था और उसके सामने बिन बजाते हुए खूब डांस की थी और सरकार का मखौल उड़ाया था।
विधान पार्षद ने किया आश्वस्त: प्रतिकूल मौसम रहने के बावजूद भी शिक्षकों ने अपना धरना कार्यक्रम को माध्यमिक शिक्षक संघ भवन में जारी रखते हुए शिक्षकों को इसी तरह एकजुट रहने का आह्वान किया गया। धरना कार्यक्रम में विधान पार्षद डा.बीरेन्द्र नारायण यादव भी पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि जल्द ही विधान सभा का सत्र शुरू होने वाला है।
कोरोना हड़ताल में नहीं बनेगा बाधक
राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के नेताओं ने जिले के सचिव व अध्यक्ष से कोरोना को लेकर स्थिति जानी। जिले के नेताओं ने दो टूक कहा कि शिक्षकों के हित में आंदोलन को जारी रखा जाएगा। कोरोना इसमें बाधक नहीं बनेगा। बाद में शिक्षकों का जत्था जुलूस के शक्ल में शहर में निकला और प्रदर्शन करते हुए डीपीओ स्थापना कार्यालय पहुंचे। यहां डीपीओ को ज्ञापन सौंपा। धरना कार्यक्रम को विद्या सागर विद्यार्थी, संयुक्त सचिव विष्णु कुमार ,पुनीत रंजन, विश्वजीत सिंह चंदेल, अनुमंडल सचिव सुजीत कुमार, डॉ.नागेंद्र राय, डॉ.दीनबंधु माझी,डॉ.रजनीश कुमार, सुनील कुमार,डॉ. विनोद कुमार सिंह निशा कुमार ,राजेश ओझा ,निश्चय जी, बलवंत सिंह, अरविंद यादव, कामिनी कुमारी,प्रियंका कुमारी आदि ने संबोधित किया।
आंदोलनकारी माध्यमिक शिक्षकों ने किया प्रदर्शन छपरा| वेतनमान की मांग को लेकर हड़ताली माध्यमिक शिक्षकों ने शनिवार को शहर में प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए डीपीओ स्थापना कार्यालय पहुंचे और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव राजाजी राजेश कर रहे थे। वहीं 18वें दिन भी जारी धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता द्वारिकानाथ गिरि और संचालन संजीव कुमार सिंह ने की।
सरकार के खिलाफ निकाली भड़ास
शिक्षक नेताओं ने सरकार के खिलाफ भड़ास निकालते हुए कहा कि वेतनमान तो लेकर रहेंगे, इसके लिए चाहे जितना दिन आंदोलन करना पड़े। नियमित शिक्षकों की तरह सभी सुविधाएं भी सरकार को देनी पड़ेगी। आंदोलन में अरविंद कुमार यादव, रबिन्द्र कुमार सिंह, विजय सिंह, मंजीत तिवारी, हरि बाबा, मुन्ना कुमार गुप्ता, सुमन प्रसाद, उपेंद्र राय, उमेश राय, सतेंद्र कुमार, दिलीप गुप्ता, रामसुमेर, काशीनाथ राय, सुमन सिंह, रविशंकर कुमार सिंह, जगदीश प्रसाद समेत अन्य उपस्थित थे।
कोरोना से हड़ताली शिक्षक लड़ने को तैयार
बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के निर्णय के अनुसार कार्यक्रम जारी रहेगा और किसी भी स्थिति मे संचालित होनेवाले हड़ताल शिक्षकों की मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा। यह बातें राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के राज्य अध्यक्ष मंडल सदस्य सह बिहार राजकीयकृत प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य नेता उदय शंकर गुड्डू ने कही। मांगों से संबंधित हस्ताक्षर अभियान एवं बिहार सरकार के मंत्रियों ,विधायकों का घेराव जारी रहेगा।
भैंस के साथ धरना दे रहे शिक्षक।
शिक्षकों का प्रदर्शन राहगीरों के लिए आकर्षण का केन्द्र बन गया था