छापेमारी में 16 कार्टन शराब जब्त, दुकान सील
घनश्यामपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर, पाली बाजार और नवटोल गांव में शराब जब्त करने के लिए सघन छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान अलग-अलग जगहों से कुल मिलाकर सोलह कार्टन शराब जब्त की। वहीं पाली बाजार में लाल मोहन मिश्र की दुकान से एक कार्टन शराब बरामद होने के बाद प्रशासन के द्वारा दुकान को सील कर दिया गया। यह अभियान बीडीओ शम्स तबरेज आलम और थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा की अगुवाई में चलाया गया। नवटोल में छापेमारी के दौरान पुलिस प्रशासन को ग्रामीणों का विरोध भी झेलना पड़ा। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि होली में शराब माफिया के विरुद्ध चलाए गए अभियान में पुलिस ने सोलह कार्टन अलग -अलग ब्रांड की विदेशी शराब जब्त कर तस्करों पर कानूनी कार्रवाई की गई। एक दुकान को भी सील कर दिया गया।