- Hindi News
- National
- Darbhanga News Detailed Information About Bihar State Panchayat Act 2006 Given To Zilla Parishad Members
जिला परिषद सदस्यों को दी गई बिहार राज्य पंचायत अधिनियम 2006 के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी
जिला स्तरीय पंचायत संसाधन सेवी एवं पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों व कर्मियों के दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिप सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें उन्हें बिहार राज्य पंचायत अधिनियम 2006 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। साथ ही उन्हें वार्ड सभा, ग्राम सभा, स्थायी समिती, निगरानी समिति व आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी भी दी गयी। प्रशिक्षक के रुप में प्रतिनियुक्त जिला सामाजिक विकास समन्वयक अंशु रानी, जिला जल एवं स्वच्छता समन्वयक राजेश कुमार गुप्ता, प्रखंड परियोजना प्रबंधक संजय कुमार यादव ने जिप सदस्यों को त्रिस्तरीय पंचायत की व्यवस्था के बारे में चर्चा करते हुए बिहार राज्य पंचायत अधिनियम 2006 एक्ट के तहत ग्राम पंचायत के कर्तव्य, कानून, दायित्व व ग्राम पंचायत की लेखा प्रणाली, ग्राम पंचायत के आईटी व्यवस्था, प्लान प्लस व मिशन अंत्योदय की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर जिप अध्यक्ष गीता देवी, जिप सदस्य फरहाना खातून, राम कुमार झा बब्लू, गौरी देवी, रेणु देवी, शीला देवी, आरती देवी, दीपक मिश्रा, मनोज सहनी, मो. अबुल खैर, गंगा पासवान, विमल कमती, गोपाल भगत आदि मौजूद थे।
त्रिस्तरीय पंचायत की व्यवस्था के बारे में बताना है
सरकार की ओर से सभी जिलों में दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण के लिए अलग-अलग तिथियों में प्रशिक्षण की तिथी निर्धारित की गयी है। इस प्रशिक्षण में पंचायत के प्रतिनिधि व कर्मी से लेकर जिप सदस्य व प्रखंड के आला अधिकारियों को त्रिस्तरीय पंचायत की व्यवस्था के बारे में बताना है। लेकिन सोमवार को जिप सभागार में जिप सदस्यों के लिए शुरु हुए दो दिवसीय प्रशिक्षण के पहले दिन अधिकांश जिप सदस्य अनुपस्थित रहे। 47 सदस्यीय जिप सदस्य के बदले करीब डेढ़ दर्जन सदस्यों ने ही भाग लिया। उनमें से कुछ सदस्य आये और अपनी उपस्थिति बनाकर चले गए।
बारिश के कारण कम हुई उपस्थिति
रिफ्रेशर प्रशिक्षण में जिप सदस्यों की कम उपस्थिति के बारे में प्रशिक्षक अंशु रानी व राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि अचानक सुबह में मौसम खराब हो जाने व बारिश होने के कारण दूर दराज से जिप सदस्य नहीं आ सके। लेकिन उन सभी सदस्यों ने फोन कर कल निश्चित रुप से आने की बात कहीं है।
जिप सदस्यों के प्रशिक्षण में शामिल लोग।