कृत्रिम पैर के लिए दिव्यांग 17 तक कर सकते हैं आवेदन
समाज कल्याण विभाग व दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय की ओर से 31 मार्च तक पटना में कृत्रिम पैर लगाया जाएगा। जिसमें जिले के वैसे लाचार दिव्यांग जो चलने में असमर्थ हैं और उन्हें पैर की आवश्यकता हो वे निबंधन करा कृत्रिम पैर लगवा सकते हैं। ये बातें सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक रवि शंकर तिवारी ने कहीं। उन्होंने कहा कि जयपुर फुट ट्रस्ट की ओर से राज्य के सभी जिलों के लिए अलग अलग तिथि निर्धारित की गई है। जिसके तहत दरभंगा के दिव्यांगों के लिए 17 मार्च निर्धारित है। इच्छुक दिव्यांग अपने नजदीकी बुनियाद केंद्र व सामाजिक सुरक्षा कोषांग के जिला कार्यालय में अपना निबंधन करा सकते है। सभी जरूरतमंद दिव्यांगों को ले जाने व लाने की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि अबतक करीब 100 आवेदन जमा हुए हैं। सभी दिव्यांगों को 17 मार्च की सुबह बस से पटना ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जाले, सिंहवाड़ा व केवटी के लिए दिल्ली मोड़ से बस खुलेगी। साथ ही बिरौल अनुमंडल व बेनीपुर मुख्यालय के अलावा जिला मुख्यालय से भी बस खुलेगी। इच्छुक दिव्यांग अपनी दिव्यांगता का प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट फोटो सहित अन्य जरूरी कागज लेकर पटना चल सकते हैं, जहां उनकी निशुल्क जांच की जाएगी।