- Hindi News
- National
- Darbhanga News Due To Planned Teachers Strike The Date Of The Annual Examination Of The Preparatory Classes Can Be Postponed
नियोजित शिक्षकों की हड़ताल के कारण टल सकती है प्रारंभिक कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा की तिथि
प्रारंभिक स्कूलों में वार्षिक परीक्षा की घोषणा कर दी गई है। शिक्षा विभाग में इसकी तैयारी भी जोरशोर से चल रही है। प्रश्न-पत्र सह उत्तरपुस्तिकाओं के वितरण के लिए पैकिंग और वितरण भी लगभग सभी बीआरसी तक किया जा चुका है। 16 से 19 मार्च तक पांचवीं एवं 8वीं कक्षा की परीक्षाएं होनी है। पहली से चौथी, छठी एवं सातवीं कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के वार्षिक मूल्यांकन की तिथि 26 से 30 मार्च तक निर्धारित की गई है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जिले के 2333 में से लगभग 2 हजार स्कूलों में शिक्षकाें की हड़ताल के कारण तालाबंदी चल रही है। ऐसे में परीक्षाअों के सफल संचालन के साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं का ससमय मूल्यांकन हो पाना कठिन है। जिले के 2333 प्रारंभिक स्कूलों में 6 लाख 25 हजार 282 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं।
शिक्षकों की हड़ताल की रिपोर्ट बीईओ से मांगी गई है : डीपीओ
समग्र शिक्षा अभियान के डीपीओ संजय कुमार देव कन्हैया ने कहा कि वार्षिक परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित किया जाना कठिन है। स्कूलों में हड़ताल के कारण प्रभाव का असर जानने के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों से रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट सकारात्मक नहीं है। विभाग को इसकी जानकारी दे दी गई है। निर्देश के बाद ही अंतिम निर्णय होगा। फिलहाल शिक्षा सेवक एवं शिक्षा सेवक तालीमी मरकज के कर्मियों को प्रश्नपत्रों की पैकिंग में लगाया गया है।
छपकर आ चुके हैं सभी विषयों की 28 लाख 24 हजार 276 प्रश्नपत्र सह उत्तरपुस्तिकाएं, बीआरसी तक पहुंचाया जा रहा है
शिक्षा विभाग ने सभी कक्षाओं की परीक्षा के लिए सभी विषयों की 28 लाख 24 हजार 276 प्रश्नपत्र सह उत्तरपुस्तिकाओं का प्रबंध किया है। समग्र शिक्षा अभियान की ओर से प्रश्नपत्रों का बंडल बीआरसी तक पहुंचाया जा रहा है। सभी बीआरसी से स्कूलों काे प्रश्नपत्र मुहैया कराने के लिए सीआरसीसी स्तर तक पहुंचाने की कवायद की जा रही है। लेकिन स्कूलों में तालाबंदी होने के कारण प्रश्नपत्रों की आपूर्ति कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।