रंगदारी मांगने व विरोध पर मारपीट की प्राथमिकी दर्ज
थाना क्षेत्र की चनौर पंचायत के इंद्राथर गांव निवासी अर्जुन सहनी ने रंगदारी का आरोप लगाकर महथौड़ पुतई पंचायत के पुतई हनुमान नगर गांव निवासी रामकरण दास सहित चार लोगों पर मनीगाछी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने मछली मारने के एवज में बतौर रंगदारी के रूप में नगद एवं मछली मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि गत 10 मार्च के दिन के लगभग 2 बजे में वह अपने पुतई स्थित हनुमान नगर तालाब में मछली मार रहा था। इसी बीच घातक हरवे हथियार से लैस होकर रामकरण दास ,राम सोगारथ दास ,रामसकल दास, दशरथ दास, भोली दास एवं अन्य लोग आकर गाली-गलौज करने लगे। रामकरण तालाब में मछली मारने के एवज में रंगदारी के रूप में 50 हजार रुपए एवं 25 किलो मछली की मांग करने लगा। मेरे द्वारा विरोध करने पर रामकरण ने धारदार हथियार से मेरे सिर पर प्रहार कर दिया जिससे मेरा सिर फट गया एवं खून बहने लगा। इसी बीच उसने अन्य लोगों को मेरा हाथ पैर तोड़ कर तालाब में फेंक देने का आदेश दिया। जिस पर सभी लोग मेरी जेब से 32000 हजार रुपए नगद तथा 40 किलो मछली छीन लिए । लगभग 25000 रुपए के महाजाल को जला दिया। इस बीच हल्ला सुनकर रामविलास मुखिया की लड़की हमें बचाने आई तो उसे उपरोक्त सभी लोगों ने गलत नीयत से पकड़कर उसका कपड़ा फाड़ दिया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।