जदयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वाले नेता।
भास्कर न्यूज| मनीगाछी
सांगठनिक चुनाव को लेकर प्रखंड जदयू में गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है। मालूम हो कि पिछले दिनों मनीगाछी प्रखंड जदयू के अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति नहीं बनने के कारण चुनाव को टाल दिया गया। उस समय कहा गया कि प्रदेश नेतृत्व इस पर निर्णय लेगा। अचानक पूर्व जिला परिषद सदस्य मो. हकीकूल को प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किये जाने से गुटबाजी सामने आई है। प्रदेश नेतृत्व के इस फैसले से नाराज पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जागेश्वर महतो, सुनील कुमार झा, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के सुरेश गाड़ा, महिला सेल अध्यक्ष गीता देवी, अति पिछड़ा सेल के रामबाबू ठाकुर, किसान प्रकोष्ठ के रामचन्द्र सिंह श्रमजीवी प्रकोष्ठ के अवधेश कुमार बच्चे आदि ने मनीगाछी स्थित बीस सूत्री कार्यालय में बैठकर सामूहिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इन लोगों का कहना था कि दल के पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। चर्चा है कि नये प्रखंड अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी के करीबी हैं।