आज से एमपी-एमएलए आवास का करेंगे घेराव
माध्यमिक शिक्षकों के दो महीने के वेतन पर अपर मुख्य सचिव के रोक लगाने के आदेश से शिक्षक आक्रोशित है। आदेश के विरोध में शिक्षक होली का त्योहार नहीं मनाने का फैसला किया है। हड़ताली माध्यमिक शिक्षक 9 से 11 मार्च तक अपने क्षेत्र में रहने वाले सांसद, विधायक एवं मंत्रियों के आवास का घेराव कर मांग पत्र सौपेंगे। प्रदेश संघ के निर्णय पर जिला सचिव श्रवण नारायण चौधरी ने संघ भवन में बैठक कर सभी सदस्यों को प्रदेश स्तर पर लिए गए निर्णय से अवगत कराया। माध्यमिक हड़ताली शिक्षकाें ने वेतन पर रोक लगाने की घोर निंदा की। श्रवण चौधरी ने कहा कि 12 मार्च से धरना पूर्व की तरह चलेगा। 13 एवं 14 मार्च को शिक्षक धरना स्थल से ही डीपीओ स्थापना कार्यालय पहुंचकर वेतन भुगतान स्थगित करने के आदेश काे वापस लेने के लिए दबाव डालेंगे। साथ ही हड़ताल अवधी में माध्यमिक शिक्षकाें ने सरकारी कार्याे के बहिष्कार का एलान किया। हड़ताली शिक्षकों ने विभागीय आदेश के बाद निलंबन या प्राथमिकी की कार्रवाई की वापसी के बगैर सरकार से वार्ता करने से मना कर दिया। माध्यमिक शिक्षकों ने राज्य सचिव मंडल के मूल्यांकन निदेशक एवं परीक्षक के पद से त्यागपत्र देने वालों का स्वागत किया है।