- Hindi News
- National
- Darbhanga News Only In Advisory Trains Are Getting Cleaned Properly Not In Reality
सिर्फ एडवाइजरी में ही सही तरीके से साफ हो रही हैं ट्रेनें, हकीकत में नहीं
कोरोना से रेल यात्रियों के बचाव को लेकर पूर्व मध्य रेलवे के जीएम एलसी त्रिवेदी ने तत्काल प्रभाव से एडवाइजरी जारी कर इसे सभी स्टेशनों पर लागू करने का निर्देश दिया था। लेकिन कोरोना को लेकर जीएम के आदेश का एक प्रतिशत भी दरभंगा जंक्शन पर लागू होता नहीं दिखा। पड़ताल में सामने आया कि जंक्शन की वाशिंग पीट में ट्रेनों की धुलाई बहुत ही साधारण स्तर पर हो रही है। सफाई के दौरान जहां कोच के अंदर व बाहर कीटनाशक का प्रयोग किया जाना चाहिए था वहां महज सादे पानी के प्रेशर से ही काम चलाया जा रहा था। जब हमने सफाई कर्मी से पूछा कि साफ- सफाई आज आम दिनों से अलग हो रही है या वैसे ही है। तो कर्मियों ने नाम नहीं छापने के अनुरोध पर बताया कि हमें सफाई के लिए सामान ही उपलब्ध नहीं कराया गया है तो हम अच्छे ढंग से सफाई कैसे कर सकते हैं। हमारे ठेकेदार हमें जो सामान उपलब्ध करता है हमें उसी से सफाई करनी होती है। ऐसी स्थिति में यह साफ़ है कि दरभंगा जंक्शन पर यात्रियों को कोरोना से रोकथाम के लिए किसी भी प्रकार का एहतियातन नहीं बरता जा रहा है।
कोरोना को लेकर ये है रेलवे की एडवाइजरी
ट्रेनों के कोचों के अंदर की सफाई में लाइजोल जैसे कीटाणुनाशक का प्रयोग करें। तत्काल प्रभाव से रात के रख-रखाव के दौरान ईएमयू और डेमू कोचों का कीटाणुशोधन प्रारंभ किया जाए। प्रमुख स्टेशनों की सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे यात्रियों द्वारा प्रयोग में लाए जाने वाले बेंच, कुर्सी, वाॅशबेसिन, बाथरूम, डोर नाॅब्स आदि को निरंतर कीटाणुरहित करते रहें। ट्रेनों के दरवाजे, खिड्कियां, चेन, टेबल, और कोच की ऐसी सभी वस्तुओं को नियमित रूप से साफ करने की जरूरत है। कोचों में तरल साबुन की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित की जानी चाहिए। सभी एसी कोचों से सभी पर्दे हटा दें। ट्रेनों की दैनिक फॉगिंग की जाए।
एडवाइजरी को प्रमुखता दी जा रही है। जब उनसे कहा कि एडवाइजरी के मुताबिक सफाई नहीं होने से संबंधित मेरे पास वीडियो है तो उन्होंने कहा कि जब आप के पास वीडियो है तो मैं क्या करूं।
बलराम, स्टेशन डायरेक्टर
एडवाइजरी के मुताबिक सफाई नहीं होने के वीडियो के बारे में बताने पर स्टेशन डायरेक्टर ने कहा- आपके पास वीडियो है तो मैं क्या करूं?
दरभंगा जंक्शन देश का ए वन ग्रेड स्टेशन होने के साथ-साथ इस स्टेशन का महत्व इस लिए भी बढ़ जाता है कि यहां से पड़ोसी देश नेपाल के लोग भी इस जंक्शन से ट्रेन पकड़ कर देश के अलग-अलग राज्यों सफर करते हैं। औसतन आम दिनों में यहां रोजाना 20 से 25 हजार लोग सफर करते हैं वहीं पर्व समय यह आंकड़ा 35 हजार के पार भी चला जाता है। वायरस भीड़ भार वाली जगहों पर तेजी से फैलता है।
एडवाइजरी जारी होने के बाद पानी से ट्रेन की सफाई करते कर्मी।