मखाना के उत्पादन को लेकर दस दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
मखाना अनुसंधान केंद्र दरभंगा में जिले के चार अलग-अलग महाविद्यालय तथा उच्च विद्यालयों की छात्राओं का मखाना के उत्पादन एवं प्रसंस्करण पर दस दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को प्रारंभ किया गया जो 23 मार्च तक चलेगा। इस व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष डॉ आईएम सिंह, वैज्ञानिक डॉक्टर मनोज कुमार एवं डॉक्टर बीआर जैन के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मखाना की खेती एवं इसके पूर्व उत्पादन के व्यावसायिक महत्व पर जोर देते हुए प्रशिक्षण उपनिदेशक डॉ मनोज कुमार ने कहा कि अन्य सामान्य कृषि उत्पादों की तुलना में मखाना कई गुना अधिक लाभप्रद फसल है। वैश्विक स्तर पर इसकी बढ़ती मांग एवं समेकित क्षेत्र में इसके उत्पादन के कारण मखाना की खेती आने वाले भविष्य में और ज्यादा लाभप्रद साबित होगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य मिथिलांचल के छात्रों की आत्मनिर्भरता का विकास एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है। शिक्षा निदेशक ने कार्यक्रम के आयोजक संस्था ‘गो इंटू स्कूल’ के प्रयासों की सराहना देते हुए बताया कि मखाना के साथ-साथ मछली उत्पादन से कृषकों को आमदनी और ज्यादा बढ़ जाएगी। उन्होंने मखाना के उत्पादन की विस्तृत जानकारी दी।